पलवल में दोस्त का पेपर देता युवक गिरफ्तार:पकड़े जाने के डर से बढ़ाई थी दाड़ी; CBSE बोर्ड के 10वीं का एग्जाम दे रहा था

पलवल के एक परीक्षा केंद्र पर CBSE की 10वीं कक्षा की साइंस के एग्जाम में फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक छात्र की जगह दूसरा युवक एग्जाम देते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी युवक ने दाढ़ी बढ़ाकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात टीचर्स ने उसे पकड़ लिया। कैंप थाना इंचार्ज कृष्ण गोपाल के अनुसार, निशांत स्कूल की सेंटर सुपरिटेंडेंट डॉ. पायल तनेजा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि स्कूल में 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं चल रही हैं, जिसमें ग्रीनवुड कॉन्वेंट स्कूल के छात्र भी शामिल हैं। टीचर को युवक के हाव-भाव संदिग्ध लगे डॉ. पायल तनेजा ने बताया कि 25 फरवरी को छात्र ओजस मंगला की सीट पर एक युवक एग्जाम दे रहा था। ड्यूटी पर मौजूद टीचर नेहा शर्मा और नीलम देवी को युवक के हाव-भाव संदिग्ध लगे। गहनता से जांच करने पर पाया गया कि युवक की शक्ल एडमिट कार्ड और अटेंडेंस शीट पर लगी फोटो से मेल नहीं खा रही थी। पहचान छिपाने के लिए बढ़ाई दाड़ी युवक ने अपनी पहचान छिपाने के लिए लंबी दाढ़ी रखी हुई थी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान विष्णु के रूप में हुई है, जिसने स्वीकार किया कि वह स्टूडेंट ओजस मंगला के जगह पर फर्जी तरीके से साइंस का पेपर दे रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया स्कूल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और सीबीएसई के ऑब्जर्वर को दी। सूचना मिलते ही कैंप थाना से सब इंस्पेक्टर सचिन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी विष्णु को हिरासत में ले लिया। सेंटर सुपरिटेंडेंट डॉ. पायल तनेजा ने बताया कि इस घटना की पूरी रिपोर्ट सीबीएसई मुख्यालय और बोर्ड के ऑब्जर्वर को भेज दी गई है। यह रिपोर्ट इसलिए भेजी गई है ताकि छात्र ओजस मंगला के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने सुपरिटेंडेंट की शिकायत पर केस दर्ज कर एग्जाम में बैठे फर्जी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *