घुम्मण मौत में परिजन ने घेरा अमृतसर सिविल सर्जन दफ्तर:रिपोर्ट में छेड़छाड़ के आरोप लगा, SIT की जांच रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

जालंधर में इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मण की संदिग्ध मौत के मामले में आज उनके परिजनों ने अमृतसर के सिविल सर्जन दफ्तर का घेराव किया। परिवार SITकी उस रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा होना है। इस दौरान परिजनों ने डॉक्टरों पर रिपोर्ट के साथ छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। जालंधर के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मण का परिवार आज सुबह अमृतसर के सिविल अस्पताल पहुंचा। परिवार का कहना है कि वे पिछले काफी समय से इंसाफ के लिए भटक रहे हैं। आज SIT द्वारा अपनी रिपोर्ट सौंपी जानी है, जिसके आधार पर यह साफ होगा कि घुम्मण की मौत किन परिस्थितियों में हुई। डॉक्टरों पर लगाए गंभीर आरोप
अस्पताल परिसर से सामने आई एक वीडियो में परिवार काफी भावुक और आक्रोशित नजर आ रहा है। परिजनों ने सीधे तौर पर डॉक्टर बलबीर का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि रिपोर्ट को बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सिविल सर्जन से अपील की है कि किसी भी दबाव में आए बिना निष्पक्ष जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। बता दें कि वरिंदर घुम्मण 9 अक्टूबर 2025 को अमृतसर के एक अस्पताल में ‘मसल’ का ऑपरेशन करवाने आए थे। ऑपरेशन के दौरान ही उनकी मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि मौत के बाद उनका शरीर नीला पड़ गया था, जो सीधे तौर पर इलाज में लापरवाही की ओर इशारा करता है। वरिंदर की मौत के बाद से ही उनके प्रशंसकों और परिवार ने पंजाब के हेल्थ सिस्टम पर सवाल उठाए हैं। इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘जस्टिस फॉर वरिंदर घुम्मण’ मुहिम चलाई जा रही है। समर्थकों का आरोप है कि यह एक ‘मेडिकल मर्डर’ है और जिम्मेदार डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सिविल सर्जन का आश्वासन
दूसरी ओर, सिविल सर्जन ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और आश्वासन दिया है कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होगी। उन्होंने कहा कि SIT की रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सभी की नजरें SIT की फाइनल रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *