औरंगाबाद में स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सभी शादी समारोह से आज लौट रहे थे। ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत देव मोड़ के पास की है। मृतकों की पहचान बलिया निवासी स्वर्गीय प्रभुनाथ गुप्ता के लगभग 50 साल के बेटे तेज नारायण गुप्ता और धनबाद के बाघमारा निवासी डोमन चौहान के लगभग 30 साल के बेटे विकास कुमार चौहान के रूप में की गई है। घायलों में धनबाद के बरोड़ा निवासी तरुण कुमार का बेटा अमित कुमार, धनु बाबरी का बेटा दिलीप कुमार, राजेश कुमार, बाघमारा निवासी चालक स्वर्गीय भगवान साव के बेटे दीनबंधु प्रसाद, उनकी पत्नी फुलवंती देवी है। इनके अलावा पवन कुमार का बेटा शिवशंकर कुमार और मृतक तेज नारायण गुप्ता की पत्नी निशा देवी जख्मियों में शामिल हैं। डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर हेल्थ सेंटर रेफर कर दिया। कुछ घायलों को सरकारी एंबुलेंस से तो कुछ को निजी एंबुलेंस से भेजा गया। जिप सदस्य ने सभी घायलों को पहुंचाया अस्पताल प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार ट्रक पहले से ही ब्रेकडाउन हुआ था। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का चालक ने झपकी आने के कारण गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो ट्रक से जा टकराई।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत काम शुरू किया। संयोगवश औरंगाबाद से लौट रहे जिला पार्षद शंकर यादवेंदु भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भिजवाने में मदद की। पुलिस और अस्पताल प्रशासन को सूचना दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज नारायण गुप्ता और विकास कुमार चौहान गाड़ी में बुरी तरह फंस गए थे। काफी प्रयास के बावजूद उन्हें समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकालकर हाईवे एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल भेजा। मुफस्सिल थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों का पोस्टमार्टम कराया। शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था परिवार सदर अस्पताल में घायल चालक दीनबंधु प्रसाद ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ धनबाद से उत्तर प्रदेश के बलिया स्थित एक होटल में भगीनी की शादी में शामिल होने गए थे। 24 फरवरी की रात वे धनबाद से निकले और 25 फरवरी की सुबह बलिया पहुंचे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वे वापस धनबाद के लिए रवाना हुए। ड्राइवर ने बताया कि शादी की थकान और नींद पूरी नहीं होने के कारण रास्ते में उनकी आंख लग गई, जिससे स्कॉर्पियो ट्रक से टकरा गई। सदर अस्पताल की गलत व्यवस्था पर भड़के जिप सदस्य सदर अस्पताल में समुचित व्यवस्था नहीं होने पर जिला पार्षद शंकर यादवेंदु भड़क गए। उन्होंने फोन पर सिविल सर्जन, उपाधीक्षक और अस्पताल प्रबंधक से नाराजगी जताई और जिला पदाधिकारी से बात करने की बात कही। बाद में प्रभारी उपाधीक्षक आशुतोष कुमार और डीपीएम अनवर आलम अस्पताल पहुंचे और व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया।