होली पर यात्रियों की सुरक्षा पुख्ता:रेल पुलिस की शराब तस्करों, नशाखुरानी गिरोह पर पैनी नजर, विशेष टीम गठित

होली के मद्देनजर बिहार में रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेल पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों की घर वापसी होती है, जिसके कारण ट्रेनों और स्टेशनों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पटना रेल एसपी अनंत कुमार राय ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी और नशाखुरानी गिरोह पर अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। रेल एसपी के अनुसार, होली पर ट्रेनों के माध्यम से शराब तस्करी की आशंका बढ़ जाती है। इसे रोकने के लिए दो विशेष टीमें गठित कर रवाना की गई हैं। इन टीमों का कार्य ट्रेनों में गश्त करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और यात्रियों को जागरूक करना होगा। त्योहार के समय नशाखुरानी गिरोह भी सक्रिय हो जाते हैं। ये गिरोह यात्रियों को खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर देते हैं और उनका सामान चुरा लेते हैं। ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आरपीएफ और जीआरपी के जवान ट्रेनों और स्टेशनों पर 24 घंटे संयुक्त रूप से ड्यूटी करेंगे। नशाखुरानी गिरोह से यात्रियों को बचने की अपील रेल एसपी ने जानकारी दी कि विशेष टीमों को यात्रियों में बांटने के लिए पंपलेट दिए गए हैं। इन पंपलेट में नशाखुरानी गिरोह से बचने के उपाय और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अनजान लोगों से कोई भी खाने-पीने की वस्तु न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दें। स्टेशन पर पुलिस बल तैनात स्टेशनों पर भी अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके। रेल पुलिस का कहना है कि सख्त निगरानी और जागरूकता अभियान से होली के दौरान ट्रेनों में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *