दस घंटे की मशक्कत के बाद बरगद के पेड़ से सुरक्षित उतारी गई चील

भास्कर न्यूज | जालंधर शहर के पटेल चौक क्षेत्र में बरगद के एक ऊंचे पेड़ पर फंसी चील को करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बचा लिया गया। सामाजिक संस्था ‘एक आसरा’ की सूचना पर फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर पक्षी को नीचे उतारा। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने देखा कि बरगद के ऊपरी हिस्से में चील किसी तार या डाल में उलझकर फंस गई है और उड़ नहीं पा रही। पेड़ के पास से बिजली की लाइनें गुजर रही थीं, जिससे खतरा और बढ़ गया था। इसकी सूचना तुरंत ‘एक आसरा’ संस्था को दी गई, जिसने फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग से संपर्क किया। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले बिजली आपूर्ति नियंत्रित की, ताकि रेस्क्यू के दौरान कोई हादसा न हो। इसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सीढ़ियों और उपकरणों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। संस्था की अध्यक्ष जसप्रीत कौर ने बताया कि अभियान के दौरान कर्मचारी रामकुमार ने साहस दिखाते हुए ऊंचे पेड़ पर चढ़कर सावधानीपूर्वक चील को नीचे उतारा। लंबे प्रयास के बाद पक्षी को सुरक्षित बचा लिया गया। नीचे लाने के बाद उसकी प्राथमिक जांच की गई और फिर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। फायर ब्रिगेड टीम ने पूरे अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। क्षेत्रवासियों ने संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई न होती तो पक्षी की जान जा सकती थी। यह घटना मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल बनकर सामने आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *