श्रीकृष्ण जन्मभूमि की प्रसिद्ध सतरंगी होली का शुक्रवार को बड़े ही दिव्यता एवं भव्यता से खेली जाएगी। श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर स्थित केशव वाटिका में होने वाली लड्डू,जलेबी और लट्ठमार होली देखने के लिए भक्त लालायित रहते हैं। यहां होली का समापन सुगंधित गुलाल उड़ाने के साथ होगा। फूलों से खेली जाएगी होली श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान क सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि ब्रज में प्रचलित होली की अनेकानेक कलाओं की विधाओं के अनूठे दर्शन के साथ श्रीकृष्ण जन्मभूमि की लठामार होली का शुभारम्भ शुक्रवार को शाम 4:00 बजे विश्व प्रसिद्ध संत गुरु शरणानन्द महाराज के द्वारा किया जायेगा। ब्रज की परंपरागत होली रसिया गायन एवं नृत्य के बाद पुष्प होली के दर्शन श्रद्धालु करेंगे। ब्रज के विभिन्न भागों से पधारे कलाकार लठामार होली के साथ-साथ नृत्य भावपूर्ण लठामार होली का भी प्रदर्शन करेंगे। उपद्रवियों पर रहेगी पुलिस की नजर संस्थान प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष विशेष रूप से टेसू के फूलों से निर्मित प्राकृतिक रंग भक्तों को प्रिया-प्रियतम को रंग से सराबोर कर होली के आनन्द में विशिष्ट रस को प्राप्त करायेंगे। रंग एवं गुलाल वर्षा के लिए स्वचालित यंत्रों का उपयोग श्रद्धालुजनों को होली के विशिष्ट आनन्द की अधिकाधिक अनुभूति करायेंगे। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पवित्र प्रांगण में आयोजित होली में मंदिर के अनुकूल मर्यादा का पालन करने की अपेक्षा श्रद्धालुओं से की है। मंदिर परिसर की मर्यादा के विपरीत आचरण जैसे जूते-चप्पल उछालना आदि कृत्य करने वाले तत्वों से पुलिस एवं प्रशासन के सहयोग से कड़ाई से निपटा जायेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि कोई भी इलैक्ट्रोनिक सामान एवं प्रतिबंधित सामान साथ लेकर न आये जिससे उनका प्रवेश शीघ्रतापूर्वक हो सके। ट्रैफिक किया डायवर्ट विश्वप्रसिद्ध ब्रज की होली के मुख्य आयोजन ‘रंगोत्सव’ के लिए धर्मनगरी पूरी तरह तैयार है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर शुक्रवार को आयोजित होने वाले भव्य उत्सव में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मथुरा पुलिस ने पुख्ता ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर शहर के हृदय स्थल की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार के अनुसार, डायवर्जन प्लान आज गुरुवार की रात 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान गोवर्धन चौराहा, मंडी चौराहा और मसानी चौराहा से किसी भी प्रकार के भारी वाहन, रोडवेज बस या ट्रैक्टर को शहर की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। रोडवेज बसें केवल माल गोदाम रोड होकर बस स्टैंड तक जा सकेंगी। जन्मभूमि की ओर ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन नहीं चलेंगे। भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा और डींग गेट से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले सभी चार पहिया वाहन, टेम्पो और ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। श्रद्धालु पैदल या प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट का ही पालन कर सकेंगे। कहाँ खड़ी करें अपनी गाड़ी प्रशासन ने बहार से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 17 से अधिक पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। वृंदावन रोड व NH-19: पर 6 पार्किंग पॉइंट बनाए गए हैं। टैंक चौराहा से होलीगेट,भूतेश्वर:पर 5 पार्किंग स्थल उपलब्ध रहेंगे। गोकुल रेस्टोरेंट व कृष्णापुरी रोड:पर 2-2 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। लक्ष्मी नगर से NCC तिराहा और स्टेट बैंक से भूतेश्वर की ओर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।बस स्टैंड से भूतेश्वर जाने वाली बस माल गोदाम रोड से आ जा सकेंगी ।