हरियाणा में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी को राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, जबकि 28 फरवरी से बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस नूंह में दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.5 डिग्री अधिक रहा। हिसार में 30.8 डिग्री, नारनौल में 30.5 डिग्री और भिवानी में 30.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। कई जिलों में तापमान 28 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी, जबकि दिन में गर्मी का असर जारी रहेगा। अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी प्रदेश में अधिकतम तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि यह सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री अधिक चल रहा है। नूंह में सबसे अधिक 31.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्च स्तर है। हिसार में 30.8 डिग्री, नारनौल में 30.5 डिग्री और भिवानी में 30.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। रोहतक में 28.7 डिग्री और गुरुग्राम में 29.3 डिग्री तापमान रहा। फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही तापमान 30 डिग्री पार पहुंचना जल्दी गर्मी आने का संकेत माना जा रहा है। औसत से ऊपर पहुंचा न्यूनतम तापमान हरियाणा में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, हालांकि आने वाले दिनों में इसमें हल्की गिरावट की संभावना जताई गई है। औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस सोनीपत जिले के सारंगथल में रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 10.9 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 10.4 डिग्री और भिवानी में 12.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिससे सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।