मेरठ में बीच बाजार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक से आए हमलावर प्रदीप ने उसे 3 गोलियां मारीं। पहली- पीछे से कमर पर मारी। दूसरी- कनपटी पर सटाकर मारी गई, युवक का भेजा तक उड़ गया। तीसरी- फिर कमर पर मारी। इसके बाद भी प्रदीप का गुस्सा शांत नहीं हुआ, वो चिल्लाया- है कोई माई का लाल…जो इसे बचा ले। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक का प्रदीप की पत्नी से अफेयर था। वह उसे भगा लाया था। गुस्साए प्रदीप ने प्रेमी सुरेंद्र उर्फ सुनील की हत्या कर दी। दैनिक भास्कर हत्यारोपी की पत्नी तक पहुंचा। वह कहती हैं- उसने (पति) मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। 2 बेटियां हुईं, मुझे ताने देता था। दिन-रात पिटाई करता। परेशान होकर मैंने सुनील (सुरेंद्र) का हाथ थामा। मेरे बेटा हुआ। 6 महीने पहले प्रदीप ने मेरे बेटे को मार डाला। अब मेरे पति सुनील को मार दिया। अब वो मुझे भी नहीं छोड़ेगा। पुलिस प्रदीप को अरेस्ट कर चुकी है। उसने अपना कबूलनामा भी दे दिया है। इसके बावजूद पूनम खौफ में हैं। क्योंकि हत्या के बाद प्रदीप ने जो VIDEO जारी किया है, उसमें उसने पूनम को मारने की बात भी कही है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… 8 साल पहले शादी, 2 बेटियां होने पर ताने देता था
इस हत्या की कहानी मेरठ के बहसूमा इलाके के रामराज से शुरू होती है। 8 साल पहले प्रदीप की शादी बहसूमा की पूनम से हुई थी। परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। पूनम ने शादी के बाद 2 बेटियों को जन्म दिया। पड़ोसियों में अनुसार, प्रदीप और पूनम के बीच किसी न किसी बात को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसकी आवाजें अक्सर उनके घरों तक भी पहुंचती थीं। इन झगड़ों से परेशान होकर 2 साल पहले पूनम अपने पति प्रदीप को छोड़कर सुरेंद्र उर्फ सुनील के साथ चली गई थी। दोनों बेटियां प्रदीप के पास ही छोड़ गई थी। प्रदीप को इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। लेकिन, पड़ोसी उसको ताना देते थे। कहते थे- कैसा आदमी है, अपनी बीवी को भी नहीं संभाल सका। 2 महीने पहले मर्डर प्लान किया, 3 तमंचे खरीदे
ये ताने अब प्रदीप को नागवार गुजरने लगे। बदनामी ज्यादा होने पर उसने 2 महीने पहले मर्डर करने का प्लान किया। इसके लिए उसने एक-एक करके 3 तमंचे खरीदे। फिर वो सुनील के हर मूवमेंट पर नजर रखने लगा। प्रदीप को पता चला कि वो एक फिक्स टाइम पर बाजार से आता-जाता है। 25 फरवरी की दोपहर करीब 2.30 बजे रामराज की मेन मार्केट में सनातन धर्म मंदिर के सामने सुनील बाइक से आया। तभी प्रदीप ने सुनील की पीठ पर पीछे से एक गोली मारी। गोली लगते ही सुनील बाइक से गिर गया। इसके बाद प्रदीप दौड़ते हुए सुनील के करीब आया। उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर दूसरी गोली मारी। फिर चिल्लाया। इसके बाद तीसरी गोली उसकी कमर में मार दी। इसके बाद बाइक स्टार्ट कर मौके से भाग निकला। मौके पर मौजूद लोग दौड़ते हुए सुनील के पास पहुंचे, लेकिन तब तक वो मर चुका था। बीच बाजार हत्या का CCTV देखिए
आरोपी की गिरफ्तारी में 40 मिनट तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
आरोपी प्रदीप की गिरफ्तारी के समय गुरुवार को करीब 40 मिनट तक ड्रामा चलता रहा। पुलिस ने जब उसे गन्ने के खेत में घेरा तो उसने पुलिसकर्मियों पर तमंचा तान दिया। पुलिस लगातार उसे समझाती रही, लेकिन वह कभी पानी पीता रहा तो कभी बीड़ी जलाकर पीता रहा। जब भी पुलिसकर्मी उसके पास जाने की कोशिश करते, वह फिर तमंचा तान देता और धमकी देता- पास आए तो गोली मार दूंगा। काफी देर तक पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाकर विश्वास में लिया। इसके बाद उसने सरेंडर किया। अब पढ़िए पत्नी ने जो भास्कर को बताया प्रदीप से शादी से पहले मेरा सुनील से अफेयर था
प्रदीप की पत्नी पूनम ने बताया- मेरी शादी को 8 साल हो चुके हैं। शादी से पहले ही मेरे संबंध सुनील से थे। मैं और सुनील एक ही गांव के रहने वाले हैं। मैं अपनी मर्जी से शादी करना चाहती थी। लेकिन, घरवालों ने मेरी शादी प्रदीप से करा दी थी। यही वजह है कि शादी के बाद भी मैंने अपने प्रेमी सुनील से मिलना नहीं छोड़ा। शादी के कुछ समय बाद पति को यह बात पता चल गई। इसके बाद से पति मुझ पर शक करने लगा। कई बार चोरी-छिपे मेरा मोबाइल देखता था। इसके बाद मेरे और पति के बीच में आए दिन झगड़ा होने लगा। पूनम ने बताया- पति मुझे मुझे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। कभी बेटी पैदा होने के ताने देता, तो कभी बेरहमी से मारपीट करता था। इसके बाद मैंने अपने पति को छोड़कर सुनील के साथ रहने का मन बना लिया। 2 साल पहले मैं पति प्रदीप और अपनी दोनों बेटियों को छोड़कर सुनील के साथ रहने लगी। मेरी जिंदगी से मानों सब उजड़ गया
पूनम कहती है- प्रेमी की खातिर मैंने अपने पति और बेटियों को छोड़ दिया। मेरी जिंदगी में सब कुछ सही चल रहा था। लेकिन, अब मेरे प्रेमी सुनील की हत्या कर दी गई। मेरी जिंदगी से सब कुछ उजड़ गया है। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि प्रदीप मेरे प्रेमी की हत्या कर देगा। मैं कभी भी न तो ससुराल की दहलीज पर कदम रखूंगी, न ही अपने पति को देखना चाहती हूं। पत्नी को भी जिंदा नहीं छोडूंगा
सुनील की हत्या में पूनम के पति प्रदीप ने पुलिस को बताया कि अभी तो मैंने सुनील को मौत के घाट उतारा है। अब अपनी पत्नी पूनम को भी जिंदा नहीं छोडूंगा। पुलिस जेल भेज देगी, लेकिन जब भी जेल से छूटूंगा तो पूनम को भी ऐसे ही मौत के घाट उतारा जायेगा जैसे पत्नी के प्रेमी सुनील को मौत के घाट उतारा है। अब पढ़िए पत्नी ने जो पुलिस को बताया… पति जुआ खेलता, शराब पीता, मैं कब तक झेलती
मेरा नाम पूनम है। मैं अपनी मर्जी से यहां पर सुनील के साथ रहती थी। मेरे सास-ससुर, ननद, देवरानी किसी को कुछ नहीं होना चाहिए। अगर मेरे परिवार को कुछ हुआ, तो उसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। मेरा पति प्रदीप जेल में ही रहना चाहिए। वो जेल से बाहर नहीं आना चाहिए। मुझे अपनी सुरक्षा भी चाहिए। मैं सुनील को 7 साल से जानती हूं। हमारी मुलाकात रामराज में हुई थी। मैं अपनी बुआ के यहां रामराज में रहती थी। शादी से पहले ही हमारी मुलाकात हुई थी। वहीं हमारी दोस्ती हुई। हम बचपन के दोस्तों की तरह बहुत अच्छे से रहते थे। मैं और सुनील साथ खेले, बड़े हुए। बुआ के घर पर हम दोनों बहुत समय साथ गुजारते थे। वहीं से हमारी दोस्ती हो गई। लेकिन, घरवालों ने मेरी शादी प्रदीप से कर दी। मेरा पति प्रदीप जुआ खेलता था, शराब पीता था। वो जो भी कुछ कमाता था सारी कमाई जुआ-शराब में फूंक देता था। मैं उससे दुखी हो चुकी थी। मैंने बहुत कोशिश की कि अपना घर बचा लूं, प्रदीप सुधर जाए। मैंने उसे कई बार समझाया कि शराब-जुआ छोड़ दे लेकिन वो नहीं माना। 2024 में मैं सुनील के घर आकर ही रहने लगी। प्रदीप ने मुझे लिखित रूप में तलाक दिया था। इसके बाद सुनील और मैंने मेरठ में कोर्ट मैरिज कर ली थी। सुनील और मेरा एक बेटा हुआ था। लेकिन, प्रदीप को जब पता चला कि मेरे बेटा हुआ है, तो उसने मुझ पर हमला कर दिया था। इस वजह से मेरे बेटे को चोट लग गई और वो नहीं बचा। तब भी हमने पुलिस को इसकी शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने हमारी सुनवाई नहीं की। मेरे 2 बेटियां, पति मर गया, अब कहां जाऊं
पूनम ने कहा- मेरे दो बेटियां हैं, अब मेरा पति मर गया है। तो मैं कहां जाऊंगी? प्रदीप की जो भी जमीन, जायदाद, संपत्ति है, वो सब मेरे नाम की जाएं। मैं उससे अपनी बेटियों को पालूंगी। मैं पहले भी अपनी दोनों बेटियों को प्रदीप से लेकर यहां सुनील के घर आई थी। लेकिन, प्रदीप ने जबरन मेरी बेटियां मुझसे छीन ली थी। उसने मेरी सारी ज्वेलरी छीन ली थी। उसने सब कुछ ले लिया। अब मेरा पति भी छीन लिया। SSP ने कहा- लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई करेंगे
SSP मेरठ अविनाश पांडे कहते हैं- रामराज के जंगल से प्रदीप को अरेस्ट किया गया। उसने जुर्म कबूल कर लिया है। 6 महीने पहले हुई फायरिंग और धमकी के बारे में जांच की जा रही। अगर किसी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ————————- यह खबर भी पढ़ें केशव मौर्य को ब्रिटेन ने वीजा नहीं दिया, डिप्टी CM जर्मनी से लखनऊ लौट रहे; योगी ने 2.5 लाख करोड़ के निवेश जुटाए यूपी के डिप्टी सीएम यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) का दौरा रद्द कर लखनऊ लौट रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ब्रिटेन ने वीजा नहीं दिया है। इसलिए डिप्टी CM ने ब्रिटेन का दौरा कैंसिल कर दिया है। वीजा के लिए भारत सरकार की तरफ से NOC दी गई थी। फिलहाल, ब्रिटेन ने वीजा क्यों नहीं दिया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पढ़िए पूरी खबर…