सिरसा में एक आईटीआई छात्र पर तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया गया। छात्र को सिर, हाथ व पांव पर काफी गहरी चोटें आई है, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वह आईटीआई से बस में सवार होकर अपने गांव जा रहा था। बस स्टैंड पर सरेआम हमलावर लड़कों ने उसे घेर लिया और पीटना शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। आरोप है कि तीनों लड़कों ने उसे जान से मार देने की धमकी दी है। ऐसे में बड़ागुढा थाना पुलिस ने घायल छात्र के बयान पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। अभी मामले में जांच जारी है, किसी को पकड़ा नहीं गया है। वहीं, इससे पहले रानियां खंड में एक आईटीआई के छात्र पर हमला किया गया था, जिस मामले में आरोपी पकड़े नहीं गए। जानिए क्या है पूरा मामला पुलिस को दी शिकायत में जिले के गांव शेखुपुरिया के नाबालिग मनदीप ने बताया कि वह आईटीआई सिरसा में पढ़ता है। इसी सोमवार को आईटीआई सिरसा से बस स्टैंड से अपने गांव शेखुपुरिया की बस में बैठकर घर जा रहा था। जब वह गांव के बस स्टैंड पर उतरा, तो उसके गांव के लड़के विकास, दिनेश व खारिया निवासी योगेश पहले से वहां पर खड़े थे। शिकायत में बताया, उन्होंने उसे बस से नीचे उतरते ही पकड़ लिया और एक ने उसके माथे पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। दूसरे ने उसके सिर पर पीछे से वार किए और तीसर ने उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया। झगड़े में उसे काफी चोटें लगी, जिससे वह बेहोश होकर नीचे गिर गया। उसी समय उसका चाचा संदीप मौके पर आ गया। ऐसे में वह तीनों उसे धमकी देकर चले गए और कहा-आईंदा तुझे नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद चाचा ने उसे सिविल अस्पताल में पहुंचाया।