फरीदाबाद में युवक ने गमछे से फंदा लगाकर किया सुसाइड:पेड़ पर लटका मिला शव, नूंह का रहने वाला; आधार कार्ड बरामद

फरीदाबाद जिले के डबुआ थाना क्षेत्र की पाली चौकी अंतर्गत गांव बाजडी में शुक्रवार सुबह एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान करीब 30 वर्षीय सतीश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पेड़ से लटका मिला शव पाली चौकी इंचार्ज राजेंद्र के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे डायल 112 की ईआरवी टीम के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक ने भगवा रंग के गमछे का फंदा बनाकर पेड़ की शाखा से लटककर आत्महत्या की थी। नूंह का रहने वाला मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान सतीश के रूप में हुई। वह वर्तमान में गाजीपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था और आसपास की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से नूंह जिले का रहने वाला था। गमछे का फंदा बनाया प्राथमिक जांच में घटना रात की प्रतीत हो रही है। आशंका है कि युवक ने रात के समय पेड़ की टहनियों के सहारे गमछे का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *