सोनीपत में पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर फायरिंग:बाइक पर आए 3 युवकों ने गोलियां चलाईं, गोदारा गैंग ने 2 करोड़ फिरौती मांगी थी

सोनीपत में शुक्रवार को बहालगढ़ चौक स्थित पहल न्यूट्रिशन (सप्लीमेंट) के शोरूम पर बाइक सवार 3 बदमाशों ने फायरिंग की। एक बदमाश ने शोरूम में बैठे युवक को भी गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। गोलियां लगने से शोरूम का शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दो महीने पहले पहल न्यूट्रिशन के मालिक वीरेंद्र पहल से कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। शोरूम में आकर गोली मारने की धमकी दी पुलिस के मुताबिक, बहालगढ़ में स्थित पहल न्यूट्रीशन शोरूम पर तीन युवक बाइक पर पहुंचे। दो युवक दुकान के बाहर खड़े हो गए, जबकि एक युवक अंदर घुस गया। अंदर जाकर उसने रिसेप्शन पर बैठे रितेश गर्ग को गोली मारने की बात कही। रितेश गर्ग तुरंत कुर्सी से उठकर पीछे की ओर भाग गया, जिससे उनकी जान बच गई। बाहर निकलकर शीशे पर की फायरिंग बाहर आकर बदमाश ने शोरूम के शीशे पर फायरिंग कर दी। जिससे शीशा टूट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक पर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही DCP क्राइम विपिन कादियान, ACP विजिलेंस अजय धनखड़, CIA इंस्पेक्टर सहित स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से एक खाली खोल बरामद हुआ। एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शूटर ने फोन कर धमकाया था 27 दिसंबर 2025 को पहल न्यूट्रीशन के मालिक वीरेंद्र पहल से रोहित गोदारा गैंग ने 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। आरोप है कि गैंग के शूटर महेंद्र ढीढलाना ने वीरेंद्र पहल को फोन कर जान से मारने की धमकी दी। कॉल के साथ एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी गई, जिसमें 2 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *