डोभी थाना क्षेत्र के चतरा मोड़ पर एक 19 वर्षीय युवक से 40 हजार रुपये लूट लिए गए। घटना उस समय हुई जब युवक बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहा था। बाइक सवार दो बदमाशों ने झोला छीनकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की पहचान बहेरा थाना क्षेत्र के कोसमा गांव निवासी सूरज कुमार यादव के रूप में हुई है। सूरज कोसमा दुग्ध उत्पादन सहयोग समिति की अध्यक्ष फुलवा देवी और सचिव सोनी कुमारी के नाम का चेक लेकर पंजाब नेशनल बैंक, डोभी पहुंचा था। बैंक से उसने 43 हजार रुपये निकाले। इनमें से 3 हजार रुपये उसने अपनी जेब में रख लिए, जबकि बाकी 40 हजार रुपये एक झोले में डाल लिए थे। बैंक से निकलने के बाद, वह चतरा मोड़ के पास मां मंगला एंटरप्राइजेज के सामने अपने घर जाने के लिए टेम्पो का इंतजार कर रहा था। तभी दक्षिण दिशा से काली पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए। चालक ने बाइक धीमी की और पीछे बैठे व्यक्ति ने सूरज के हाथ से पैसों वाला झोला झपट लिया। बदमाश तेज रफ्तार से डोभी-चतरा मार्ग की ओर भाग गए। हल्ला सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और घटना के साक्षी बने। पीड़ित सूरज ने बताया कि वह दोनों बदमाशों को सामने देखकर पहचान सकता है। इस संबंध में डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।