स्कूल में अश्लील डांस प्रोग्राम को लेकर प्रिंसिपल सस्पेंड:हाजीपुर में दैनिक भास्कर की खबर के बाद DM ने की कार्रवाई

वैशाली के हाजीपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुरलिया चक के प्रधानाध्यापक सुनील रंजन वर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई विद्यालय परिसर में एक शादी समारोह के दौरान आपत्तिजनक नृत्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने के बाद की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम स्कूल की शिक्षा समिति के अध्यक्ष मलाई सिंह की बेटी की शादी के अवसर पर आयोजित किया गया था। बारातियों के मनोरंजन के लिए स्कूल परिसर में कथित तौर पर दर्जनभर नर्तकियों ने अश्लील गानों पर नृत्य किया था। जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मामले का संज्ञान लिया वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की गई। समिति ने अपनी प्रारंभिक जांच में प्रधानाध्यापक सुनील रंजन वर्मा को प्रथम दृष्टया दोषी पाया। इस रिपोर्ट के आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्यप्रणाली और स्कूल परिसर के दुरुपयोग पर सवाल इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और स्कूल परिसर के दुरुपयोग पर सवाल उठाए जा रहे हैं। सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में स्कूल पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है और पुलिस आवेदन का इंतजार कर रही है। दैनिक भास्कर ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) से संपर्क करने का प्रयास किया था, लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *