कैथल में युवक ने किया सुसाइड:ऑस्ट्रेलिया जाकर पत्नी बोली- कहीं और शादी कर ले, तनाव में लगाई फांसी, ससुंरालियों पर केस दर्ज

कैथल के गांव बाबा लदाना में एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक ने घर पर ही चुन्नी से पंखे पर फंदा लगाया। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी व अन्य ससुरालियों पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी पत्नी और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज लिया है। गांव बाबा लदाना निवासी बलविंदर सिंह ने बताया कि उसके भाई मनीष की शादी करीब 2 साल पहले जींद के गांव पीपलथा निवासी तमन्ना से हुई थी। उस दौरान मनीष के ससुरालियों ने शर्त रखी थी कि शादी के बाद तमन्ना और मनीष को ऑस्ट्रेलिया भेज देंगे। ऐसे में उन्होंने शादी के बाद मनीष और तमन्ना का ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवा दिया। उन्होंने बताया कि, तमन्ना का वीजा तो स्वीकार हो गया और वह शादी के 2 महीने बाद ऑस्ट्रेलिया चली गई, लेकिन मनीष का वीजा स्वीकार नहीं हुआ, जिस कारण वह यहीं पर रह रहा था। वीजा लगवाने के लिए मनीष ने एजेंट को बार-बार कहा। उसे करीब 60 से 70 लाख रुपए भी दिए, लेकिन वह हर बार कुछ न कुछ बहाना बनाता रहा। पत्नी ने फोन कर कहा- कहीं और शादी कर ले ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद कुछ दिन तो तमन्ना ने मनीष के साथ ठीक-ठाक बातचीत की, लेकिन बाद में उसके पास फोन इत्यादि करना बंद कर दिया और मनीष को कहा कि वह शादी के लिए कोई और लड़की देख ले। वह ऑस्ट्रेलिया में अकेले ही रह लेगी। पत्नी की यह बात सुनकर मनीष मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। जब उसने तमन्ना के परिवार से इस बारे में बातचीत की तो उन्होंने भी उसे धमकाया और कहा कि वह कहीं और शादी कर ले। इससे तंग आकर आज मनीष ने फांसी का फंदा लगा लिया और सुसाइड कर लिया। संगतपुरा पुलिस चौकी के जांच अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि इस संबंध में मृतक युवक के परिजनों ने शिकायत दी है। जिसके आधार पर मृतक की पत्नी सहित अन्य ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *