हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र में दिल्ली-सिरसा नेशनल हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलटते ही उसमें आग लग गई। इस हादसे में कार सवार 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, एक कार सिरसा से दिल्ली की ओर जा रही थी। जब गांव चिकनवास के पास अग्रोहा क्षेत्र में पहुंची तो ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह पलटकर रॉन्ग साइड में जा गिरी। पलटते ही कार में आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने 6 लोगों को बचाया हादसे को देख राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर साहस दिखाते हुए कार में फंसे सभी 6 लोगों को बाहर निकाला। आग की लपटों के बीच घायलों को बाहर निकालना काफी मुश्किल भरा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घायलों का इलाज चल रहा है सभी घायल आग की वजह से काफी झुलस गए हैं। उनका इलाज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक जाम रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।