जौनपुर जिले में होली से पहले एक सरकारी दफ्तर में शराब पार्टी का वीडियो सामने आया है। इस घटना से जिले के प्रशासनिक विभाग में हड़कंप मच गया है। यह मामला जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चकबंदी कार्यालय का है, जो जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास स्थित है। आरोप है कि शनिवार को यहां होली मिलन समारोह के दौरान कर्मचारियों ने कार्यालय के अंदर बेखौफ होकर टेबल पर शराब की बोतलें और छह ग्लास रखे थे। वीडियो सामने आने के बाद चकबंदी अधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई है। इसमें बताया गया है कि सोशल मीडिया और स्थानीय समाचार चैनलों पर प्रसारित वीडियो में चकबंदी विभाग के कुछ कर्मचारियों द्वारा कार्यालय में शराब के साथ आपत्तिजनक कृत्य दर्शाया गया है। उप संचालक चकबंदी, जौनपुर ने इस कृत्य को प्रथम दृष्टया आपत्तिजनक और सरकारी सेवक आचरण नियमावली के विरुद्ध बताया है। उन्होंने बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, जौनपुर को वायरल वीडियो में दिख रहे कार्मिकों को चिन्हित कर जांच कराने और नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।