ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक की मौत:हाथरस के नगला अनी गांव में हुई घटना, चालक हिरासत में

हाथरस के मुरसान क्षेत्र के नगला अनी गांव में रविवार देर शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। नगला अनी निवासी सोनू का 11 वर्षीय पुत्र चेतन अपने छोटे भाई के साथ गांव के पास बंबा के निकट लगे हैंडपंप से मीठा पानी लेने गया था। गांव में खारा पानी होने के कारण वे वहां से पानी लाते थे। पानी लेकर घर लौटते समय पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चेतन सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। घटना के बाद आसपास के लोग और चेतन के पिता सोनू मौके पर पहुंच गए। घायल चेतन को परिजन तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बालक के पिता सोनू मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया कि ट्रैक्टर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *