अलीगढ़ में शनिवार को स्कूल बस से कुचलकर छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अपने भाई के साथ स्कूल बस से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में बस के फर्श की लोहे की चादर टूट गई और छात्रा नीचे गिर गई। पहिए के नीचे आ गई। छात्रा के भाई ने चिल्लाकर कहा- अंकल, बस रोकिए, बहन नीचे गिर गई है। ड्राइवर ने बस रोककर देखा तो बच्ची की मौत हो चुकी थी। इसके बाद ड्राइवर ने उसके भाई को घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी। हादसे के बाद चालक ने छात्रा के परिजनों को चोट लगने की सूचना दी। इसके बाद वह छात्रा को पीछे की सीट पर लिटाकर भागने लगा। जैसे ही ग्रामीणों ने बस ड्राइवर को भागते देखा, उन्होंने करीब 2 किमी तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा ढोलना क्षेत्र के पास हुआ। 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला… माउंट इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती थी छात्रा
छात्रा अनन्या (8) दादों थाना क्षेत्र के नाय भाय की रहने वाली थी। उसके पिता रवि गंगीरी चौराहे पर जनसेवा केंद्र चलाते हैं। परिवार के साथ वहीं रहते हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। अनन्या और उसका बड़ा भाई गोलू बुढ़िया कसेर के माउंट इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ते हैं। अनन्या यूकेजी और गोलू कक्षा 3 में पढ़ता है। दोनों भाई-बहन रोज स्कूल की बस से आते-जाते थे। शनिवार दोपहर 2 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों भाई-बहन बस से घर लौट रहे थे। चालक ने कासगंज के ढोलना गांव में बच्चों को उतारा और फिर अनन्या व गोलू को घर छोड़ने गंगीरी की तरफ चला। जैसे ही बस ढोलना के नगला साधु के पास पहुंची, अचानक फर्श का हिस्सा टूट गया और अनन्या नीचे गिर गई। बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भाई ने चिल्लाकर कहा- अकल! बस रोकिए
बहन के नीचे गिरते ही गोलू चिल्लाकर रोने लगा और बोला- अंकल, मेरी बहन नीचे गिर गई।” चालक ने बस रोकी, बच्ची को उठाकर सीट पर रख दिया और भाई को घर को कुछ न बताने के लिए धमकाया। इसके बाद चालक ने अनन्या के पिता रवि को चोट लगने की जानकारी दी। हादसा देखते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन चालक बस लेकर भागने लगा। ग्रामीणों ने करीब 2 किमी तक पीछा किया और मलसई चौराहे पर चालक को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने बच्ची के पिता और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छात्रा के पिता मौके पर पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मां देवकी रो-रोकर बेसुध हो गईं। ग्रामीणों ने सड़क पर किया हंगामा
हंगामे की सूचना मिलने पर गंगीरी, छर्रा और दादों थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और फिर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कासगंज भेज दिया। हादसे के बाद शासन ने आरटीओ प्रवर्तन वंदना सिंह और आरआई चंपा लाल को सस्पेंड कर दिया है। वंदना सिंह को वाहनों की चेकिंग न करने पर और चंपा लाल को जर्जर हालत में बस होने के बावजूद फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने पर निलंबित किया गया है। गंगीरी के सीओ संजीव कुमार ने बताया- शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कासगंज भेज दिया गया है। बच्ची के पिता ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ———————
ये खबर भी पढ़ें…
झांसी में भाभी को चाकू मारकर न्यूड भागा प्रेमी देवर…VIDEO:300 मीटर दूर पेड़ से लटककर जान दी, ब्रेकअप से नाराज था झांसी में भाभी पर प्रेमी देवर ने जानलेवा हमला कर दिया। उसने चाकू से पेट और गले पर वार किए। सीना फाड़ दिया। उसकी आतें बाहर आ गईं। इसके बाद आरोपी न्यूड अवस्था में लंगड़ाते हुए भागा और 300 मीटर दूर जाकर पेड़ से लटककर जान दे दी। पढ़िए पूरी खबर