वैशाली में शौचालय की टंकी की सफाई के दौरान जहरीले गैस से एक परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 3 लोग बेहोश हैं, जिनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर 12 बजे एक युवक टंकी की सफाई के लिए उतरा था। 15 मिनट बाद उसकी आवाज बाहर आनी बंद हो गई। फिर एक के बाद एक 7 लोग टंकी में उतरे, लेकिन सब लोग टंकी में ही बेहोश हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एक मोटी रस्सी की मदद से 7 लोगों को बाहर निकाला। सभी लोग बेहोश थे। आनन-फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें 4 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव की है। चारों मृतक एक ही परिवार के थे। मृतकों की पहचान राहुल कुमार (24), पंकज कुमार, आनंद कुमार (46) और उनके बेटे प्रियांशु कुमार(18) के रूप में हुई है। आनंद, राहुल कुमार और पंकज कुमार संगे भाई थे। मृतक राहुल कुमार की शादी 5 दिन पहले 24 फरवरी को हुई थी। मृतकों के चचेरे भाई मनोज कुमार ने बताया, ‘तीनों भाई असम में रहकर मजदूरी करते थे। सबसे छोटे वाले भाई राहुल की 24 फरवरी को शादी हुई थी। इस शादी में शामिल होने के लिए सभी भाई 20 दिन पहले गांव आए थे।’ घटना से जुड़ी तस्वीरें… अब जानिए कैसे हुआ हादसा अनवरपुर गांव में रविवार दोपहर शिवजी साह के घर में बने शौचालय की टंकी की सफाई हो रही थी। टंकी करीब 15 फीट गहरा है। सफाई के लिए सबसे पहले शिवजी के सबसे बड़े पोते प्रियांशु टंकी में उतरा। 15 मिनट के बाद उसकी आवाज नहीं आई तो उसके पिता आनंद टंकी के अंदर गए। 20 मिनट तक उनकी आवाज आई, फिर वो भी चुप हो गए। ऐसे-ऐसे कर आनंद के 2 और भाई अंदर चले गए। टंकी में जमा जहरीली गैस की वजह से सभी लोग बेहोश हो गए। बाहर खड़े लोगों ने अंदर से कोई आवाज नहीं सुनी तो शोर मचाया। इसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। किसी ने सीढ़ी लगाया, किसी ने रस्सियां डालकर खींचने की कोशिश की। वहीं, गांव के 3 और लोग टंकी में उतरे, लेकिन वे भी बेहोश हो गए। हालांकि, इन तीनों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शरीर पर मोटी रस्सी बांध बाहर से खींचा गया स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम के एक सदस्य टंकी में उतरे और बेहोश हुए लोगों के शरीर पर मोटी रस्सी बांधी। फिर बाहर खड़े पुलिस खींचते चले गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने बताया, बाहर निकाले गए व्यक्ति में किसी का हाथ ठंडा था, किसी की सांसें टूट रही थीं। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।