जालंधर के वरदान अस्पताल पर फायरिंग का VIDEO, ACP-SHO सस्पेंड:पुलिस कमिश्नर ने लापरवाही के चलते एक्शन लिया; बदमाश ने 4 गोलियां चलाईं

जालंधर के मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल (IVF सेंटर) पर फायरिंग की वारदात के बाद पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने इस मामले को पुलिस की लापरवाही करार देते हुए ACP मॉडल टाउन परमिंदर सिंह और मॉडल टाउन थाने के SHO रविंदर कुमार को सस्पेंड कर दिया है। IVF सेंटर पर एक बदमाश ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। उसने करीब 3 सेकेंड में 4 गोलियां चलाईं, जो सेंटर के गेट को चीरते हुए आर-पार निकल गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। फुटेज में दिख रहा है कि एक युवक बाइक पर आता है और उसने हेलमेट पहन रखा है। फायरिंग के दौरान भी उसने हेलमेट नहीं उतारा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गया। घटना रात करीब साढ़े 9 बजे की है। सूचना मिलते ही मॉडल थाने की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के लिए टेक्निकल टीमों को लगाया। फिलहाल इस घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फायरिंग से जुड़ी PHOTOS…. गोलियां चलने से दहशत में अस्पताल स्टाफ जानकारी के अनुसार, गोलियां चलने की घटना के वक्त अस्पताल में स्टाफ के कुछ लोग मौजूद थे। गोलियों की आवाज के बाद स्टाफ दहशत में है। घटना की सूचना मिलते ही थाना 6 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कहा कि अस्पताल के गेट पर गोलियों के निशान हैं। हमलवार ने करीब 4 से 5 राउंड फायर किए हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान के लिए उसकी बाइक के नंबर से एड्रेस का पता लगाया जा रहा है। युवक ने हेलमेट पहन रखा था, इसलिए उसका चेहरा नहीं दिख रहा। उसके एंट्री और एग्जिट पाइंट पर लगे कैमरों को भी चेक किया जाएगा। फरवरी में गोलीबारी की तीसरी सबसे बड़ी वारदात जालंधर में फरवरी में हुई फायरिंग की ये तीसरी बड़ी वारदात है, जिसमें बड़े लोगों को निशाना बनाया गया है। 6 फरवरी को AAP नेता लक्की ओबरॉय की गुरुद्वारा मॉडल टाउन के बाहर 6 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। स्कूटी पर आए दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद 27 फरवरी को संतोखपुरा में डॉ. यशपाल के घर पर बाइक सवार 2 लोगों ने फायरिंग कर की थी। पुलिस ने बताया कि 10 राउंड फायर किए गए थे। सभी गोलियां दीवारों में लगी थीं। ये घटना भी CCTV में रिकॉर्ड हो गई थी। हालांकि, पुलिस अभी तक इन आरोपियों की पहचान नहीं कर पाई है। वहीं, इसके अगले दिन यानी 28 फरवरी को फिर से बदमाशों ने एक डॉक्टर के अस्पताल को निशाना बनाया और रात करीब पौने 10 बजे अस्पताल पर फायरिंग कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *