खाड़ी क्षेत्र में बढ़े सैन्य तनाव और दुबई (DXB) एयरस्पेस बंद होने का असर सीधे लखनऊ पर पड़ा है। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए 1 मार्च 2026 को रात 12 बजे से रात 10 बजे (00:00–22:00 IST) तक आने-जाने वाली सभी निर्धारित उड़ानें निरस्त कर दी गईं। एयरलाइंस ने कारण स्पष्ट रूप से “दुबई एयरस्पेस बंद” बताया है। एयरपोर्ट प्रशासन की माने तो कुल 14 प्रमुख अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, डिपार्चर और अराइवल रद्द रहीं। इससे करीब ढाई हजार यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई और टी-3 टर्मिनल पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। टी-3 टर्मिनल पर पसरा सन्नाटा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बने टी-3 टर्मिनल पर दिनभर सन्नाटा रहा। न कोई विमान खाड़ी देशों से आया और न ही लखनऊ से कोई रवाना हुआ। सामान्य दिनों में यहां से नौ उड़ानें खाड़ी देशों को जाती हैं और आठ उड़ानें वहां से आती हैं। पूछताछ काउंटरों पर भीड़, परिजन परेशान उड़ानें रद्द होने की सूचना के बाद एयरलाइन काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिनकी फ्लाइट 1 मार्च या अगले कुछ दिनों में थी, वे सबसे अधिक परेशान नजर आए। खाड़ी देशों में फंसे यात्रियों के परिजन भी एयरपोर्ट पहुंचकर जानकारी लेते रहे। 8 मार्च के बाद ही नई बुकिंग एयरलाइंस ने यात्रियों को सूचित किया है कि मौजूदा हालात सामान्य होने तक नई टिकट बुकिंग 8 मार्च के बाद ही की जाएगी। फिलहाल यात्रियों को रिफंड या री-शेड्यूलिंग का विकल्प दिया जा रहा है।