गोरखपुर में CMO बनकर मांगे पैसे:घबरा गया मेडिकल स्टोर संचालक, अधिकारी से की शिकायत, FIR दर्ज

गोरखपुर में साइबर जालसाजी का एक मामला सामने आया है। जालसाज ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा बनकर एक मेडिकल संचालक से रुपये मांगने की कोशिश की। संचालक को बातचीत के दौरान संदेह हुआ तो उसने सीधे सीएमओ से संपर्क कर शिकायत की।इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। सीएमओ ने कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। सीएमओ ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया
सीएमओ डॉ. राजेश झा की तहरीर के अनुसार, मोबाइल नंबर 8419022640 से अज्ञात व्यक्ति विभिन्न लोगों को फोन कर खुद को डॉ. राजेश झा बताते हुए धन की मांग कर रहा था। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि यह नंबर उनका नहीं है और उनके नाम का दुरुपयोग कर साइबर फ्रॉड का प्रयास किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच में सामने आया कि जिस नंबर से कॉल की जा रही थी। वह लखीमपुर खीरी निवासी एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि, तकनीकी सर्विलांस में पता चला है कि वर्तमान यह नम्बर महाराष्ट्र में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी से रुपये ठगे जाने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन धन उगाही का प्रयास स्पष्ट है। सीओ कैंट के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सिम पंजीकरण की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *