प्राथमिक शिक्षकों का नए क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ प्रदर्शन:मंडी में उपायुक्त कार्यालय के बाहर नारेबाजी, अधिसूचना वापस लेने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

मंडी जिले में रविवार को जिलाभर के हजारों प्राथमिक शिक्षकों ने नए क्लस्टर सिस्टम और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बता दे कि यह प्रदर्शन राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बाबू राम कौंडल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन में जिले के सभी 25 खंडों के शिक्षक उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा के कार्यालय के पास स्थित मैदान में एकत्रित हुए। उन्होंने नए क्लस्टर सिस्टम को वापस लेने सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यहां जिलाध्यक्ष बाबू राम कौंडल और अन्य कर्मचारी नेताओं ने शिक्षकों को संबोधित किया।
सरकार पर मांगों को अनसुना करने का लगाया आरोप बाबू राम कौंडल ने कहा कि नए क्लस्टर सिस्टम के लागू होने से प्राथमिक शिक्षा का ढांचा गड़बड़ा गया है और प्राथमिक शिक्षकों पर आए दिन नए फरमान जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संघ ने कई बार सरकार के समक्ष शिक्षकों की समस्याओं को रखा है, लेकिन खेद है कि आज तक उनकी मांगों को अनसुना किया गया है।
आंदोलन की दी चेतावनी उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्राथमिक शिक्षकों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया जाता और संघ को एक सप्ताह के भीतर वार्ता के लिए नहीं बुलाया जाता है, तो प्राथमिक शिक्षक अपने आंदोलन को उग्र करने के लिए विवश होंगे। कौंडल ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी मुख्यमंत्री को गुमराह कर रहे हैं, जिससे शिक्षकों की मांगों को लंबे समय से अनसुना किया जा रहा है। नए क्लस्टर निर्माण का विरोध उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने 23 सितंबर 2025 को नई परिसर प्रणाली पर एक अधिसूचना जारी की थी। इससे पहले, शिक्षा विभाग द्वारा 20 नवंबर 2023 को नए क्लस्टर निर्माण पर एक अधिसूचना जारी की गई थी, जिसका प्राथमिक शिक्षक संघ ने उस समय विरोध किया था। प्राथमिक शिक्षकों के हितों के साथ बताया कुठाराघात इसके बाद, शिक्षा विभाग ने प्राथमिक शिक्षकों के हितों को सुरक्षित रखते हुए 13 फरवरी 2024 को एक संशोधित अधिसूचना जारी की थी। इस अधिसूचना में बनाए गए क्लस्टर सिस्टम को रिसोर्स शेयरिंग तक रखने पर सहमति बनी थी। हालांकि, 23 सितंबर 2025 को जारी अधिसूचना के दिशा-निर्देशों में प्राथमिक शिक्षा का पूर्ण नियंत्रण और संचालन प्रिंसिपल को दे दिया गया है, जो प्राथमिक शिक्षकों के हितों के साथ कुठाराघात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *