शराबी पति ने पत्नी को लाठी-डंडे, ईंट से पीटा:घरेलू हिंसा में मारपीट,एक बार गया है जेल; महिला अस्पताल में भर्ती

जमुई के गरही थाना क्षेत्र के दरिमा इलाके में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। रविवार रात एक पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी को लाठी-डंडे और ईंट से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला विनीता कुमार का इलाज सदर अस्पताल जमुई में चल रहा है। विनीता कुमार ने बताया कि उनके पति पंकज कुमार यादव शराब पीकर घर आए और बच्चे के साथ मारपीट करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो पति ने उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद ईंट फेंककर मारी, जो सीधे उनके चेहरे पर लगी, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गईं। महिला के अनुसार, आरोपी पति पिछले चार वर्षों से लगातार मारपीट कर रहा है। इस संबंध में कई बार पंचायत भी हुई थी और एक बार उसे जेल भी भेजा गया था। हालांकि, परिजनों से माफी मांगने के बाद उसे जेल से बाहर निकलवा लिया गया था। कुछ महीनों तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन फिर से मारपीट का सिलसिला शुरू हो गया। बच्चे को भी पीटा, घर से निकालकर ताला लगा दिया विनीता ने यह भी बताया कि घटना के बाद पति ने बच्चे को भी पीटा और उन्हें घर से बाहर निकालकर ताला लगा दिया। जब वे चाबी मांगने पहुंचीं, तो उनके साथ फिर मारपीट की गई। फिलहाल, महिला ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *