यूपी के बहराइच में युवक ने अपने माता-पिता, बहन और दादी को मार डाला। परिवार पर 30 मिनट तक कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करता रहा। बीच-बचाव करने आए बड़े भाई की भी जान लेने की कोशिश की, लेकिन किसी तरह वो बच गया। 10 साल का भतीजा पूरी वारदात को छिपकर देखता रहा। चीख-पुकार सुनकर गांव वाले भागकर मौके पर पहुंचे तो मंजर देखकर दंग रह गए। फर्श पर और बेड पर लाशें बिछी थीं। बड़ा भाई दर्द से कराह रहा था। लोगों को देखकर आरोपी ने सुसाइड करनी चाही। ईंट से अपने सिर पर कई वार किए। खून ज्यादा बहने की वजह से बेहोश हो गया। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने की वजह से उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था। देर रात इसी विवाद को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। इस दौरान गुस्से में आकर युवक ने कुल्हाड़ी से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। गांव वालों ने बताया- पूरा परिवार बेहद धार्मिक था। जय गुरुदेव का अनुयायी था। सोमवार को ही पूरा परिवार जय गुरुदेव के समागम में शामिल होने के लिए गोंडा जाने वाला था। इसी के लिए बहन भी अपने ससुराल से घटना के दिन ही मायके पहुंची थी। फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने हमले में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर बसंतपुर उदल गांव की है। 6 पॉइंट में सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए… 10 साल के मासूम ने देखा मौत का मंजर
घटना का एकमात्र चश्मदीद गवाह गुरुदेव का 10 साल का बेटा आजाद बाल-बाल बच गया। वह घटना के समय पिता के साथ दूसरे कमरे में था। शोर-शराबा सुनकर वह बाहर आया। चाचा को देखकर बाहर ही छिप गया। अपनी आंखों से पूरा हत्याकांड देखता रहा। फिलहाल पुलिस ने आजाद को अपनी सुरक्षा में ले लिया है। उससे घटना के बारे में जानकारी ले रही है। गुरुदेव वर्मा ने थाना रुपईडीहा में लिखित तहरीर देकर निरंकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने निरंकार को गिरफ्तार कर इलाज के लिए लखनऊ भेजा है। उसके ठीक होने पर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। कुछ ही घंटों में गोंडा रवाना होने वाला था परिवार आसपड़ोस में रहने वाले लोगों ने बताया- गुरदेव का पूरा परिवार ‘जय गुरुदेव’ का अनुयायी था। पूरा परिवार सोमवार सुबह ही गोंडा में आयोजित जय गुरुदेव के समागम में रवाना होने वाला था। मृतका पार्वती भी परिवार के साथ गोंडा जाने के लिए रविवार सुबह ही ससुराल से अपने मायके पहुंची थी। पार्वती की शादी श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोखरियन पुरवा गांव में पप्पू वर्मा के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। दो साल पहले आरोपी की पत्नी छोड़कर चली गई थी
पुलिस ने बताया- पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी निरंकार की शादी लगभग सात वर्ष पहले रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव में हुई थी। परिजनों के अनुसार, विवाह के करीब दो वर्ष बाद उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। उनकी कोई संतान नहीं है। पत्नी के छोड़कर जाने के बाद से वह मानसिक तनाव में रहता था। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, गांव में फोर्स तैनात- ASP एएसपी (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया- प्राथमिक जांच में जमीनी विवाद का मामला सामने आया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम मौजूद है। आरोपी का इलाज जारी है। झाड़ियों के पास से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है। होली से पहले दहला गांव, मातम में डूबा परिवार होली से ठीक पहले हुए इस सामूहिक हत्याकांड ने पूरे गांव को दहला दिया है। एक ही घर से चार अर्थियां उठने से माहौल गमगीन है। पुलिस का दावा है कि कानून-व्यवस्था सामान्य है, लेकिन एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात रखा गया है। ————————- ये खबर भी पढ़िए… EX मुस्लिम यूट्यूबर को चाकू मारने वाला एनकाउंटर में ढेर:इंस्पेक्टर बाल-बाल बचे, 2 पुलिसवालों को लगी गोली; 20 राउंड फायरिंग
गाजियाबाद में रविवार रात यूट्यूबर सलीम वास्तिक को 14 चाकू मारने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर हो गया। लोनी थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए, उनके बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी है। जबकि अन्य 2 पुलिसवालों को भी गोली लगी है। यूट्यूबर पर हमले के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान लोनी थाना क्षेत्र में बदमाश से उनका आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से करीब 10 मिनट तक 20 राउंड फायरिंग हुई। पढ़िए पूरी खबर…