चंडीगढ़ में घर के बाहर खड़ी बुलेट चोरी:CCTV में दिखे आरोपी, पुलिस नहीं लगा पाई सुराग, पहले रेकी फिर रात 1:23 बजे वारदात

चंडीगढ़ में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला डड्डू माजरा कॉलोनी का है, जहां घर के बाहर खड़ी बुलेट को दो युवक बिना चेहरा ढके चोरी कर ले गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित जयप्रकाश ने बताया कि 27 फरवरी की रात उनका बेटा हेमंत रोजाना की तरह बुलेट घर के बाहर खड़ी कर सो गया था। रात करीब 1:26 बजे हेमंत को बाइक स्टार्ट होने की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर आया तो एक युवक बुलेट लेकर जा रहा था। हेमंत ने शोर मचाया और तुरंत एक्टिवा लेकर आरोपियों का पीछा किया, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पीसीआर टीम पहुंची और कुछ देर बाद डड्डू माजरा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले रेकी, फिर बाइक स्टार्ट कर फरार सीसीटीवी फुटेज में रात 1:23 बजे दो युवक कॉलोनी में कई बार इधर-उधर घूमते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अपना चेहरा नहीं ढका हुआ था। एक युवक ने सिर पर टोपी पहन रखी थी, जिसे बाद में उतारकर हाथ में पकड़ लिया। कुछ देर बाद दोनों ने बुलेट स्टार्ट की और मौके से फरार हो गए। जयप्रकाश ने बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने 1.40 लाख रुपये में यह बुलेट खरीदी थी। बाइक एक ऐसे व्यक्ति से ली गई थी, जिसे विदेश (कनाडा) जाना था। उनका बेटा सेक्टर-11 स्थित कॉलेज में फाइनल ईयर का छात्र है और रोजाना इसी बाइक से कॉलेज जाता था। चेहरे साफ, फिर भी गिरफ्तारी नहीं सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद अब तक पुलिस किसी भी आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *