कारोबारी की पत्नी को नौकरानी ने मारा डाला:महोबा में चूड़ी के टुकड़े से खुला हत्या का राज; बेटे के साथ तकिए से मुंह दबाकर मारा

महोबा में कारोबारी की पत्नी की हत्या, घर की नौकरानी और उसके बेटे ने की थी। घटनास्थल पर मिले चूड़ी के टुकड़े से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए नौकरानी और उसके बेटे को अरेस्ट कर लिया है। शहर के खोया मंडी क्षेत्र में यह हत्या 25 फरवरी को की गई थी। गिरफ्तारी के बाद नौकरानी ने पुलिस को बताया- मालकिन छोटी-छोटी बातों पर उसे डांटती थी, बेइज्जती करती थी इसलिए मार डाला। पहले जानिए पूरा मामला… किराना व्यापारी संतोष पुरवार अपनी पत्नी किरन के साथ खोया मंडी इलाके में रहते थे। उनकी एक बेटी आकांक्षा पुरवार हैं। जिसकी शादी हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रहती हैं। संतोष की पत्नी किरन पैरालसिस अटैक आ चुका था इसलिए वह घर के कामकाज के लिए एक हेल्पर आशा रैकवार (40) को रखे थे। रोज की भांति 25 फरवरी को संतोष सुबह-सवेरे अपनी दुकान पर चले गए। घर पर उनकी पत्नी किरन और नौकरानी आशा ही थे। रात को दुकान बढ़ाने के बाद जब वह घर लौटे तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर कमरे में गए तो किरन बेड पर मृत पड़ी थीं। कान से कुंडल नोचा गया था। ऐसा लग रहा था कि लूटने के बाद हत्या की गई है। कारोबारी ने पुलिस को फोन किया। पुलिस को भी शुरूआती जांच में लूट की घटना ही लग रही थी। लेकिन फॉरेंसिक टीम को जांच के दौरान एक टुकड़ा मिला। पुलिस ने चूड़ी के टुकड़े को केंद्र में रखकर जांच की दिशा बदली और हत्या के एंगल से भी पड़ताल शुरू कर दी। चूड़ी के टुकड़ों को मिलाया, नौकरी से पूछताछ की पुलिस ने शक के आधार पर घर की नौकरानी को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस को महिला के हाथ की एक चूड़ी टूटी दिखी। पुलिस ने बरामद चूड़ी के टुकड़े से उसकी चूड़ी का मैच कराया। टुकड़ा मैच हो गया तो पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद नौकरानी को हिरासत में ले लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल लिया और पूरी कहानी सुना दी। पुलिस के अनुसार, आशा ने बताया कि वह किरन के घर में पिछले 8 साल से नौकरी कर रही थी। उनकी देखभाल करती थी। घर के सारे काम करती थी। लेकिन किरन उससे कभी भी खुश नहीं रहती थी। छोटी-छोटी गलतियों पर उसे डांटती-गालियां देती थीं। उसकी बेइज्जती करती थी। बेटे के साथ मिलकर मालकिन को मारा तंग आकर उसने मालकिन की हत्या का प्लान बनाया। पुलिस के अनुसार, नौकरानी ने अपने बेटे सोनू (27) को इस साजिश में शामिल किया। 25 फरवरी को जब संतोष दुकान चले गए तो उसने बेटे को बुलाया। किरन की तकिया से मुंह दबाकर हत्या कर दी। फिर हत्या को लूट दिखाने के लिए घर में रखे गहने और किरन की कान के झुमके चुरा लिए। एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि अपमान और रोज-रोज की डांट से नाराज नौकरानी आशा ने अपनी मालकिन किरन की तकिया से मुंह दबाकर हत्या की थी। इस जुर्म में उसका बेटा सोनू भी शामिल है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। —————————————— ये खबर भी पढ़ेंः- बेटे ने मां-बाप, बहन और दादी की हत्या की:बहराइच में घर में कुल्हाड़ी से 30 मिनट तक मारता रहा, भाई की हालत गंभीर यूपी के बहराइच में युवक ने अपने माता-पिता, बहन और दादी को मार डाला। परिवार पर 30 मिनट तक कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करता रहा। बीच-बचाव करने आए बड़े भाई की भी जान लेने की कोशिश की, लेकिन किसी तरह वो बच गया। 10 साल का भतीजा पूरी वारदात को छिपकर देखता रहा। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *