पंजाबी सिंगर और RDB ग्रुप के पूर्व लीड सदस्य मंजीत सिंह राल का लंदन में एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई। हालांकि उनकी स्थिति अब स्थिर है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंजीत सिंह अपनी कार से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आए एक अन्य कार ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा कम विजिबिलिटी के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि कुछ दिन बाद वे भारत में अवॉर्ड सेरेमनी के लिए आने से वाले थे, लेकिन एक्सीडेंट के कारण उन्होंने अपने सभी ट्रैवल प्लान कैंसिल कर दिए हैं और इवेंट में नहीं आ पाएंगे। वे मंज म्यूजिक के नाम से भी जाने जाते हैं। एक्सीडेंट में मंजीत सिंह राल को कितनी चोट आई है, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है। पत्नी ने शेयर की भावुक पोस्ट हादसे में मंजीत सिंह राल को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया। उनकी पत्नी और सिंगर निन्द्य कौर ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी और फैंस से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की। हादसे की खबर सामने आने के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस में चिंता की लहर है। कई बड़े कलाकारों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। मंज म्यूजिक सिंह इज किंग, गो गोवा गॉन और पाजी इन ट्रबल जैसी फिल्मों के सुपरहिट गानों के लिए जाने जाते हैं। भाई के साथ मिलकर RDB बनाया मंजीत सिंह राल ने अपने भाइयों कुलदीप और सुरजीत के साथ मिलकर ब्रिटिश-भारतीय आइकन और लोकप्रिय बैंड RDB (रिदम, ढोल, बेस) स्थापना की थी। यह ग्रुप पारंपरिक भांगड़ा को कंटेंपररी साउंड्स के साथ मिलाकर और इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स के साथ मिलकर पंजाबी म्यूजिक को नई पहचान देने के लिए जाना जाता है। साल 2012 में भाई कुलदीप की कैंसर से मौत के बाद उन्होंने 2014 में सोलो करियर शुरू किया और ‘मंज म्यूजिक’ के नाम से अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने अपना खुद का लेबल (म्यूजिक ONE ग्लोबल) शुरू किया और ऐसे हिट गाने बनाते रहे, जो भारत और विदेश दोनों जगह पसंद किए जाते हैं।