पलवल में कुएं में मिला युवक का शव:पूजा करने गए ग्रामीणों ने देखा; 6 दोस्तों के साथ होली खेलने गया था

पलवल जिले के गढ़ी पट्टी गांव में होली खेलने गए 23 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर एक कुएं में मिला है। युवक रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन सोमवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। होडल थाना इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं के पास अपने पूर्वजों की समाधियों की पूजा करते समय एक अज्ञात शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान गढ़ी पट्टी निवासी 23 वर्षीय दीपक के रूप में हुई। दोस्तों के साथ होली खेलने गया था मृतक दीपक के बड़े भाई जोगेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे दीपक अपने दोस्तों योगेश, रोहताश, दीपक और सुमेर सहित अन्य दो दोस्तों के साथ होली खेलने गया था। शाम 8 बजे तक दीपक घर नहीं लौटा और उसका फोन भी बंद आ रहा था। परिजनों ने दीपक के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। दोस्तों से पूछताछ करेगी पुलिस पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *