कुरुक्षेत्र में ट्रैक्टर के नीचे दबने से ड्राइवर की मौत:कार ने मारी टक्कर, दोनों वाहन पलटे, 2 बेटियों का पिता था

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर कार ने ट्रैक्टर को पीछे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार और ट्रैक्टर हाइवे पर पलट गए। इसमें ट्रैक्टर के नीचे दबने से ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से ट्रैक्टर और कार को साइड करवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह (53) निवासी मथुरा कॉलोनी पटियाला पंजाब के रूप में हुई। गुरदीप सिंह ट्रैक्टर की सेल-परचेज का काम करते थे। गुरदीप सिंह अपने साथी हरजीत सिंह के साथ 3-4 दिन पहले ट्रैक्टर खरीदने के लिए यूपी गए थे। दोनों यूपी से ट्रैक्टर खरीद कर पटियाला लौट रहे थे। गुरदीप सिंह अपने पीछे 2 बेटी और पत्नी को छोड़ गए। गुरदीप आगे-आगे चल रहा था हरजीत सिंह निवासी पटियाला ने बताया कि हम 1 मार्च को यूपी से अपना-अपना ट्रैक्टर लेकर चले थे। रात को जीटी रोड पर समाना के पास ढाबे पर रुक गए। आज सुबह पटियाला के लिए निकल पड़े। गुरदीप सिंह अपने ट्रैक्टर पर उससे करीब 100 मीटर आगे चल रहा था। हम दोनों अपनी साइड में ठीक-ठाक स्पीड से ट्रैक्टर चला रहे थे। अर्टिगा कार ने मारी टक्कर सुबह करीब 6 बजे उमरी के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार (UP-12 CT-9904) ने उसे ओवरटेक करते हुए गुरदीप के ट्रैक्टर के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर और कार हाईवे पर पलट गए। उसने अपना ट्रैक्टर रोककर साइड में लगाया और राहगीरों की मदद से गुरदीप को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल इसी दौरान किसी ने पुलिस और एंबुलेंस को बुला लिया। उसने गुरदीप को एम्बुलेंस के जरिए सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने गुरदीप सिंह मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने गुरदीप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और उसके परिवार को सूचना दी। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *