मोगा सीआईए स्टाफ ने तीन किलो अफीम की खेप पकड़ी:सप्लाई देने के लिए कर रहा था ​इं​तजार, मुखबिर की सूचना पर किया गिरफ्तार

मोगा पुलिस के सीआईए स्टाफ ने गश्त के दौरान नशा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तलाशी में उसके पास 3 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इस संबंध में एसपी बालकृष्ण सिंगला ने एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत कार्रवाई तेज की गई है। एसपी सिंगला ने बताया कि एसआई सतनाम सिंह की अगुआई में सीआईए स्टाफ मोगा की टीम रविवार को गश्त कर रही थी। गांव लोहारा स्थित बाबा दामू शाह की दरगाह के पास टीम जांच कर रही थी। इसी इसी दौरान मुखबिर ने नशे की बड़ी खेप के बारे में सूचना दी। उसने बताया कि गुरदेव सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी दोलेवाला, जिला मोगा लंबे समय से नशा तस्करी का धंधा करता है। वह भारी मात्रा में अफीम लेकर गांव वर्रे के बस अड्डे के पास, मोगा-कोट ईसे खां मुख्य मार्ग पर अपने ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। इस पर पुलिस ने घेरा बंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान गुरदेव सिंह को काबू कर तलाशी ली गई। इसमें उसके पास से एक पारदर्शी प्लास्टिक लिफाफे में 3 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। यह पूरी कार्रवाई डीएसपी सतवंत सिंह की मौजूदगी में की गई। आरोपी के खिलाफ थाना कोट ईसे खां में मुकदमा नंबर 46 दिनांक 01-03-2026, धारा 18(B)-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *