मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक घर से 492 बोतल बियर बरामद की है। यह कार्रवाई सोमवार को होली पर्व से पहले गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बरामद बियर की कुल मात्रा 246 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है। थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कर्णपुर दक्षिणी पंचायत के वार्ड नंबर 4 में यह छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही शराब तस्कर फरार हो गया। पुलिस ने बरामद बियर को जब्त कर थाने ले आई। जब्त की गई बियर को फल रखने वाले कैरेट में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत शराब तस्कर राहुल कुमार और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि जब्त बियर दो अलग-अलग वैरायटी की है। उन्होंने पुष्टि की कि 492 बोतल बियर की कुल मात्रा 246 लीटर है और इसकी जब्ती सूची तैयार कर ली गई है। पुलिस अब फरार तस्कर और मकान मालिक की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन जांच और छापेमारी कर रही है।