श्रीनगर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च:होली पर शांति-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील इलाकों में गश्त किया

पश्चिमी चम्पारण में होली पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से श्रीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च मुख्य बाजार पुजहां, बथानी चौक, निमुईया कुंड, भवानीपुर और तेगा चौक सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी अमित कुमार पाल ने किया। उनके साथ एसआई रानी कुमारी, जय कुमार प्रसाद, संतोष पासवान, सूरज पासवान, अखिलेश कुमार यादव तथा एएसआई महेश सिंह समेत पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकता है। फ्लैग मार्च के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखा गया। होली के दिन विशेष गश्ती दल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोग निर्भय होकर त्योहार मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *