लुधियाना में खाना बनाते समय फटा सिलेंडर का पाइप:युवक बुरी तरह झुलसा PGI चंडीगढ़ रेफर

लुधियाना के लोहारा इलाके में स्थित ज्ञान चंद नगर की गली नंबर 8 में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक घर की रसोई में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान गोपाल महतो के रूप में हुई है। लाइटर जलाते ही बनी आग की लपटें जानकारी देते हुए संजय ने बताया की उसके घर के नजदीक गोपाल महतो एक नट-बोल्ट बनाने वाली कंपनी में काम करता है। बीती रात जब वह काम से लौटकर अपने घर आया और रसोई में खाना बनाने की तैयारी करने लगा तो जैसे ही उसने गैस जलाने के लिए लाइटर जलाया अचानक जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर का पाइप फटा होने के कारण गैस पहले ही कमरे में फैल चुकी थी। मांस तक गल गया हालत नाजुक आग इतनी भयानक थी कि गोपाल को संभलने का मौका ही नहीं मिला और वह पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया। धमाके और चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने हिम्मत दिखाकर आग पर काबू पाया और गोपाल को बाहर निकाला। आग की लपटों इतनी ज्यादा थी कि गोपाल के शरीर से मांस उतरने लगा था। सिविल अस्पताल से चंडीगढ़ रेफर हादसे के वक्त गोपाल घर पर अकेला था क्योंकि उसका परिवार गाँव में रहता है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया लेकिन शरीर 60-70% तक झुलस जाने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *