पंजाब पुलिस के DSP दलजीत सिंह की मौत:किडनी की चल रहा था इलाज, मोहाली के मैक्स अस्पताल में ली अंतिम सांस

नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाने वाले पंजाब पुलिस के डीएसपी दलजीत सिंह का निधन हो गया। वह 51 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। डीएसपी दलजीत सिंह का इलाज मोहाली के मैक्स अस्पताल में चल रहा था। किडनी फेल होने के कारण उनका नियमित डायलिसिस किया जा रहा था। सोमवार देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले लगभग एक साल से मेडिकल छुट्टी पर थे। डीएसपी दलजीत सिंह लुधियाना देहाती पुलिस में एंटी नारकोटिक विंग में तैनात थे। किडनी की बीमारी के कारण वो मेडिकल लीव पर चल रहे थे। डीएसपी दलजीत सिंह ने लंबे समय तक एंटी नारकोटिक विंग में काम किया और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई करते रहे। उन्हें नशा तस्करी के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई के कारण उन्हें एक दृढ़ और निडर अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके सहयोगियों के अनुसार, उन्होंने अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और साहस के साथ निभाई। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में गहरा शोक छा गया। विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी खो दिया है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव भुनरहेड़ी, जिला पटियाला में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *