पूर्व मंत्री व शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से एक भावुक अपील करते हुए पंजाब के सरदूलगढ़ राज्य के मानसा जिले के नवविवाहित जोड़े गुरप्रीत सिंह और रुपिंदर कौर की सुरक्षित वापसी की मांग की है। 22 फरवरी को विवाह के पवित्र बंधन में बंधने के बाद यह युवा जोड़ा 27 फरवरी को अपने जीवन की नई शुरुआत का जश्न मनाने हनीमून के लिए दुबई गया था। खुशियों से भरी यह यात्रा अचानक चिंता में बदल गई, जब अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हो गईं। उनकी 3 मार्च यानी आज निर्धारित वापसी अब अनिश्चित हो गई है और दोनों दुबई में ही फंसे हुए हैं। राजनीति नहीं, मानवता की जरूरत बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि मानवता का है। उन्होंने भारत सरकार और दुबई स्थित भारतीय दूतावास से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि इस नवविवाहित जोड़े को सुरक्षित और शीघ्र भारत लाया जा सके। परिवार के सदस्य गहरी चिंता में हैं और अपने बच्चों की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि विशेष प्रबंध कर न केवल इस जोड़े, बल्कि अन्य फंसे भारतीय नागरिकों की भी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए। एक नई जिंदगी की शुरुआत कर रहा यह जोड़ा अब अपने घर लौटने की राह देख रहा है। उम्मीद है कि सरकार संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द ठोस कदम उठाएगी और यह जोड़ा फिर से अपने परिवार की गोद में सुरक्षित पहुंच सकेगा।