करनाल सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत:खड़ी पंक्चर गाड़ी के साथ बाइक की टक्कर, दूसरे युवक की हालत गंभीर

करनाल जिले में नेशनल हाईवे पर अटल पार्क के नजदीक सोमवार देर रात कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब कार का टायर पंक्चर होने के बाद उसे साइड में किया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। क्या है पूरा मामला बुढाखेड़ा के 19 वर्षीय सन्नी और उसका दोस्त 20 वर्षीय सौरव सोमवार की देर रात करनाल से पानीपत की ओर जा रहे थे। जब वे अटल पार्क के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे तो आगे चल रही एक कार का टायर अचानक पंक्चर हो गया। कार चालक ने इंडिकेटर देकर गाड़ी को साइड में करना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित पुलिस दोनों घायलों को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सन्नी को मृत घोषित कर दिया। सौरव का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। शव को कब्जे में लेकर करनाल के शवगृह में भेज दिया गया है। आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया। पहले पिता और अब बेटे की मौत मृतक सन्नी की मां का कहना है कि सन्नी मेरा इकलौता बेटा था। उसके सहारे ही वह अपने दिन काट रही थी, क्योंकि सन्नी के पिता की मौत कई साल पहले हो चुकी है, लेकिन आज सन्नी भी इस दुनिया से चला गया। मां ने बिलखते हुए कहा कि मैने सन्नी को रोका भी था कि तू कहीं मत जाना। वह यह बोलकर निकल गया कि वह दोस्त के साथ जा रहा है और थोड़ी देर में आ जाएगा, लेकिन वह वापिस नहीं आया, उसकी मौत की सूचना आई। कार ड्राइवर ने बताई वजह कुटेल के कार ड्राइवर प्रदीप ने बताया कि उसके भाई की रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था। वह दवाई लेने के लिए लाडवा गया था और वापस लौट रहा था। रास्ते में कार का अगला टायर अचानक पंक्चर हो गया। उसने इंडिकेटर देकर गाड़ी को साइड में किया, तभी पीछे से बाइक ने टक्कर मार दी। ईआरवी इंचार्ज ने दी जानकारी मौके पर पहुंचे ईआरवी इंचार्ज रामफल ने बताया कि बाइक हादसे में दो युवक घायल हुए थे। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां एक की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *