इजराइल और ईराक के बीच जंग से मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात के चलते पंजाब के बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, एक्टर एमी विर्क का परिवार UAE में फंस गया है। उनकी 6 साल की बेटी और पत्नी उड़ाने रद्द होने के चलते पंजाब नहीं लौट पा रहीं। विर्क का कहना है कि मिडिल ईस्ट आने वाली हर खबर उन्हें पर्सनल लग रही है। उनकी बेटी तो बोल रही है कि वह कुछ भी हुआ तो बेड के नीचे छिप जाएगी। यह जानकारी एक्टर ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर दी। वहीं, दुबई में हनीमून मनाने पहुंचा मानसा का एक नवविवाहित जोड़ा भी दुबई में फंसा है। इनके परिजन यहां परेशान हैं और खबरों का लगातार अपडेट ले रहे हैं। इसके अलावा बठिंडा की प्रिसिपल ने भी वीडियो जारी कर अपने फंसे होने की जानकारी दी और भारत सरकार से रेस्क्यू करने की गुहार लगाई। भारत से मिडिल ईस्ट की आवाजाही बंद है। ऐसे में पंजाब सरकार ने अपने लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। CM भगवंत मान ने कहा है कि वह विदेश मंत्रालय के लगातार संपर्क में हैं। मदद के लिए इसके लिए लोग फोन नंबर- 0172-2260042 और 0172-2260043 पर संपर्क कर सकते हैं। या फिर वॉट्सऐप नंबर +91 94787 79112 पर भी संपर्क किया जा सकता है। CM मान ने ट्वीट कर जानकारी दी… एमी विर्क ने लिखा- तनावग्रस्त महसूस कर रहा सोशल मीडिया पोस्ट में एक्टर एमी विर्क ने लिखा- UAE में मेरी पत्नी और 6 साल की बेटी फंसे हैं। ऐसे समय में मैं एक पति और पिता के रूप में भावनात्मक और तनावग्रस्त महसूस कर रहा हूं। मेरी बेटी कह रही है, “पापा मैं कुछ होने पर अपने बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। मैं एक मजबूत लड़की हूं पापा, चिंता मत करो”। यह वे शब्द नहीं हैं जो एक पिता सुनना चाहता है। उन्होंने लिखा- हर न्यूज अपडेट मुझे पर्सनल लगता है। सार्वजनिक जीवन में हम कितने भी मजबूत रहने की कोशिश करें, लेकिन दिन के अंत में हम परिवार वाले लोग हैं। मेरी प्रार्थनाएं केवल मेरे प्रियजन के लिए नहीं, बल्कि हर एक प्रभावित व्यक्ति के लिए है। आइए, हम सभी के लिए शांति, स्थिरता और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करना जारी रखें। एक्टर का लिखा सोशल मीडिया पोस्ट… हनीमून मनाने गया कपल फंसा वहीं, मानसा के सरदूलगढ़ से हनीमून मनाने दुबई गया नवविवाहित कपल इजराइल-ईरान जंग के कारण वहीं फंस गया है। गुरजंट सिंह ने बताया कि उनके बेटे गुरप्रीत सिंह और बहू रूपिंदर कौर की शादी 22 फरवरी को हुई। इसके बाद 27 फरवरी को वे हनीमून के लिए दुबई गए। 3 मार्च को उनकी वापसी की फ्लाइट थी, लेकिन उड़ानें रद्द होने से वे घर नहीं लौट पा रहे हैं। गुरप्रीत ने फोन कर परिवार को अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी है, लेकिन हालात को लेकर परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। बठिंडा की प्रिंसिपल दुबई से नहीं लौट पा रहीं वहीं, बठिंडा के स्कूल की प्रिंसिपल नीरू गर्ग दुबई के शारजाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंस गईं। उन्होंने एयरपोर्ट से वीडियो जारी कर बताया कि उनके पास बीपी और शुगर जैसी जरूरी दवाइयां खत्म हो चुकी हैं और हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजे उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने को कहा गया, लेकिन कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए। एयरलाइन कर्मी ने बाहर अधिकारियों के मिलने की बात कही थी, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार के बाद उन्होंने होटल तलाश किया, लेकिन सभी होटल भरे हुए थे। अंत में 20 किलोमीटर दूर एक महंगा होटल मिला, जहां उन्होंने रात बिताई। ॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… ईरान-इजराइल जंग, बठिंडा की प्रिंसिपल दुबई में फंसी: VIDEO में बोलीं- एयरपोर्ट से बाहर निकाला, पैसे-दवा खत्म; बच्चों से मिलने गई थी US-इजराइल और ईरान जंग से मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ने लगे हैं, जिसका असर अब पंजाब के लोगों पर भी दिख रहा है। एयरस्पेस बंद होने से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में दुबई के शारजाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई पंजाबी यात्री फंस गए हैं। बठिंडा की प्रिंसिपल नीरू गर्ग ने एयरपोर्ट से वीडियो जारी कर बताया कि उनके पास बीपी और शुगर जैसी जरूरी दवाइयां खत्म हो चुकी हैं और हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)