हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति के अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर पंजाब के टूरिस्ट आपस में भिड़ गए। विवाद एक दूसरे पर बर्फ फेंकने पर और फिर जमकर लात-घूंसे चले। इसी बीच नीले कपड़े पहने एक टूरिस्ट ने चाकू निकाल दिया। जिससे पर्यटन स्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना गया और अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही लाहौल स्पीति पुलिस ने हुड़दंग मचाने वाले चार-पांच टूरिस्टों को हिरासत में लिया। पुलिस इन्हें सिस्सू थाना ले गई। इस दौरान पुलिस ने जब इनकी तलाशी ली तो चाकू बरामद नहीं हुआ। इसके बाद सिस्सू थाना से हुड़दंगियों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। मामला सोमवार दोपहर बाद का है। अब हुड़दंग और गुंडागर्दी के वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे हैं। झगड़ा करने वाले टूरिस्ट अमृतसर के रहने वाले हैं। बर्फ फेंकने के कारण भिड़े टूरिस्ट SHO सिस्सू मुकेश ने बताया कि हुड़दंग मचाने वाले टूरिस्ट पंजाब के अमृतसर से घूमने आए थे। उन्होंने बताया कि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर बीते सोमवार को पर्यटक एक दूसरे पर बर्फ फेंक रहे थे, तब इनमें बहसबाजी हो गई और जो कि लड़ाई में तब्दील हो गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हुड़दंगियों को हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि दोनों गुट अमृतसर से आए थे और बाद में दोनों में समझौता हो गया। उन्होंने टूरिस्टों से शांति बनाए रखने की अपील की है। लाहौल स्पीति की एसपी शिवानी मैहला ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में चाकू दिखने की बात कही जा रही थी, लेकिन तलाशी के दौरान कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे टूरिस्ट बता दें कि इन दिनों पंजाब से बड़ी संख्या में टूरस्टि बाइक पर सवार होकर मनाली और मणिकरण साहिब गुरुद्वारा पहुंच रहे हैं। इनमें बहुत से टूरिस्ट ऐसे हैं, जो बिना नंबर प्लेट की बाइक से आ रहे हैं और तीन-तीन लोग सवार है। सोशल मीडिया में इस तरह के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं।