हरियाणा के यमुनानगर जिले में 21 वर्षीय राजीव की हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी गर्लफ्रेंड स्नेहा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पुराने प्रेमी अमित को भी अरेस्ट किया है। दोनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। दोनों से पूछताछ में सामने आया है कि यह हत्याकांड इसलिए हुआ, क्योंकि अमित और राजीव के बीच स्नेहा को लेकर झगड़ा चल रहा था। दोनों का उससे अफेयर था। दोनों में से कोई भी स्नेहा को छोड़ने का राजी नहीं था। मगर, जब विवाद बढ़ने लगा और स्नेहा ने पुराने बॉयफ्रेंड अमित के साथ मिलकर राजीव को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। इसके लिए दिन भी राजीव के बर्थडे वाला चुना। आदिबद्री घुमाने के बहाने ले गई और हत्या कराई दी। डेडबॉडी मिलने के बाद वह राजीव के परिवार से भी मिली थी। उधर, अमित को भी गिरफ्तारी का अंदेशा हो गया था, जिस वजह से वह अपनी पत्नी को बच्चों के साथ उसके मायके छोड़ आया था। दैनिक भास्कर एप की टीम ने इस मामले की पड़ताल की तो कई चौंकाने वाली बाते पता चली। मालूम चला कि स्नेहा शादीशुदा है और वह बिना तलाक लिए पति से अलग रह रही है। उसका पांच साल का बेटा भी है। कौन है स्नेहा, कैसे अमित और राजीव के संपर्क में आई, कैसे की राजीव की हत्या कराई और क्या अपनाई थी पुलिस से बचने की तरकीब? ऐसे ही सवालों के जवाब जाने के लिए पढ़े पूरी रिपोर्ट… यहां जानिए कौन है स्नेहा और दोनों युवकों के संपर्क में कैसे आई.. सात साल पहले शादी हुई, चार साल पहले अलग रहने ली पुलिस के मुताबिक, 27 साल की स्नेहा यमुनानगर के तीर्थ नगर की रहने वाली। उसके पिता इलाके में मूंगफली की रेहड़ी लगाकर परिवार का गुजारा करते हैं। करीब सात साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के करीब दो साल बाद उसे एक बेटा हुआ। हालांकि, शादी के चार साल बाद ही वह अपने पति को छोड़कर मायके तीर्थ नगर में अलग कमरा लेकर रहने लगी। स्नेहा का आरोप था कि उसका पति शराब पीकर उसे प्रताड़ित करता था, लेकिन स्थानीय सूत्रों के अनुसार वह अपने पुराने प्रेमी अमित के लिए पति को छोड़कर आई थी। शादी से पहले से था अमित से अफयेर, फिर राजीव की एंट्री पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला है कि स्नेहा का पड़ोस में रहने वाले अमित से करीब आठ साल से प्रेम संबंध था। अमित खुद शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। अमित की पत्नी को दोनों के रिश्ते की जानकारी थी और उसने कई बार विरोध भी किया, लेकिन अमित ने स्नेहा से मिलना-जुलना जारी रखा। वह अक्सर स्नेहा के किराए के कमरे पर आता-जाता रहता था। करीब डेढ़ साल पहले स्नेहा की मुलाकात राजीव से हुई। बातचीत बढ़ी, फोन नंबर एक्सचेंज हुए और दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। इसके बाद स्नेहा एक साथ अमित और राजीव दोनों को डेट करने लगी। ऐसे में राजीव का भी स्नेहा के घर पर आना-जाना हो गया। दोनों प्रेमियों में हुआ झगड़ा, राजीव को रास्ते से हटाने की साजिश पुलिस के मुताबिक, एक दिन राजीव स्नेहा से मिलने उसके कमरे पर पहुंचा। इसी दौरान अमित भी वहां आ गया। राजीव को देखकर अमित भड़क उठा और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इस झगड़े में स्नेहा ने अमित को जाने को कहा दिया। इससे अमित के मन में राजीव के प्रति रंजिश बैठ गई। काफी समय तक स्नेहा और राजीव यूहीं मिलते रहे, लेकिन बाद में रिश्ते में खटास आने लगी। स्नेहा का आरोप है कि राजीव के पास उसकी कुछ निजी तस्वीरें थीं, जिनके जरिए वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। स्नेहा ने यह बात अपने पूर्व प्रेमी अमित को बताई। अमित ने उसे आश्वासन दिया कि वह इसका “इंतजाम” कर देगा। अब जानिए दोनों ने कैसे बनाई हत्या की पूरी प्लानिंग… राजीव के बर्थडे पर बनाया घूमने जाने का प्लान पुलिस के मुताबिक, 27 फरवरी को राजीव का बर्थडे थ। योजना के अनुसार स्नेहा को राजीव को अकेले आदिबद्री लेकर आना था, जहां अमित पहले से ही मौजूद मिलता। स्नेहा ने राजीव से बात करके 27 फरवरी को आदिबद्री घूमने जाने का प्लान बनाया। राजीव के पास बाइक नहीं थी। ऐसे में आरोपी अमित ने सिटी सेंटर पर अपनी बाइक खड़ी की, जिसकी चाबी स्नेहा को पकड़ा दी। स्नेहा ने राजीव को कॉल किया और कहा कि उसके पास किसी जानकार की बाइक है, जिस पर वे घूमने जा सकते हैं। पहले आदिबद्री में था हत्या करने का प्लान इसके बाद राजीव घर पर हरिद्वार जाने की बात कहकर तैयार होकर सिटी सेंटर पहुंचा, जहां वह बाइक पर स्नेहा को लेकर आदिब्रदी चला गया। वहां पहुंचने पर अमित दूसरी बाइक पर अपने एक दोस्त के साथ मौजूद मिला। वहां अमित और राजीव के बीच फिर से झगड़ा हुआ। इस पर अमित ने स्नेहा का अपने दोस्त के साथ बाइक पर यमुनानगर भेज दिया। पहले अमित की राजीव को आदिबद्री में मारने की प्लानिंग थी, लेकिन वहां पर भीड़ के चलते उसने प्लान बदल लिया। इसके बाद वह राजीव को बातों में उलझाकर तीर्थ नगर टपरी शमशान घाट के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक ले आया। हत्या के बाद स्नेहा को कॉल की कि काम हो गया पुलिस के मुताबिक, राजीव नशे का आदी था। ऐसे में अमित ने उसे पहले नशा कराया, फिर रस्सी से उसका गला दबाया और उसके मुंह में फेविकॉल भरकर पास में पड़ी एक चुन्नी उसके मुंह में ठूस दी, जिससे उसकी सांस रूक गई और मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया और शाम को स्नेहा को कॉल करके कहा कि उसने राजीव को ठिकाने लगा दिया। इसके बाद राजीव का शव एक व्यक्ति ने पड़ा देखा, तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के भेजा। पहचान हो जाने के बाद परिवार के लोगों को बुलाया। राजीव के परिजनों से मिलने पहुंची स्नेहा उधर, राजीव मर्डर की खबर पूरे जिले में तेजी से फैली, तो अमित और स्नेहा दोनों घबरा गए। खुद को बेगुनाह बताते हुए स्नेहा राजीव के परिजनों से मिली। वहीं, भेद खुलने के डर से अमित भ्ज्ञी रविवार की सुबह ही अपनी पत्नी और बच्चों को उनके मायके छोड़कर आ गया था। इसके बाद दोनों मिले और पुलिस से बचने के लिए तरकीब सोची। मगर, कोई बात न सूझने पर भागने की प्लानिंग बनाई, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। कॉल डिटेल और लोकेशन से दोनों तक पहुंची पुलिस सीआईए इंचार्ज राकेश ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सोमवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने साजिश और हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर वारदात में इस्तेमाल बाइक, मोबाइल फोन और अन्य सबूत जुटाने के लिए रिमांड पर लेगी। ——————- ये खबर भी पढ़ें…. बर्थडे पर गर्लफ्रेंड से मिलने गए युवक की हत्या:मुंह में कपड़ा ठूंस ग्लू से होंठ चिपकाए, गला घोंटा, यमुनानगर में फेंका शव; छाती पर स्नेहा लिखा हरियाणा के यमुनानगर जिले एक युवक की निर्मम हत्या कर उसका शव रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। युवक के गले पर गहरे निशान मिले है। साथ ही उसके मुंह में कपड़ा ठूंस कर ग्लू से होठ चिपका दिए गए थे। उसके हाथ पर राजीव और छाती पर स्नेहा नाम लिखा हुआ था। (पूरी खबर पढ़ें)