कुरुक्षेत्र में करंट से किसान और मूक-बधिर नौकर की मौत:ट्यूबवेल चलाते समय हुआ हादसा, मालिक को बचाने आया था

कुरुक्षेत्र जिले के इस्माईलाबाद क्षेत्र के गांव अजरावर में खेत में ट्यूबवेल चलाते समय हुए हादसे में एक किसान और उसके मूक-बधिर नौकर की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसान को बचाने के प्रयास में नौकर भी करंट की चपेट में आ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां किसान के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं नौकर की अभी शिनाख्त नहीं होने चलते शव अभी भी मोर्चरी में रखा हुआ है। नौकर के साथ ट्यूबवेल चलाने गया था किसान की पहचान निर्मल सिंह (32) निवासी गांव अजरावर के रूप में हुई है, जबकि उसका नौकर बिहार का रहने वाला था। जो बोलने और सुनने में अस्मर्थ था। अभी 5 महीने पहले उसे काम पर रखा था, लेकिन उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं था और वह खुद भी अपने बारे में नहीं बता पाता था। इस्माईलाबाद थाना से एसआई राजपाल ने बताया कि उन्हें एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र से गांव अजरावर में 2 लोगों की करंट लगने से मौत होने की सूचना मिली थी। बताया कि गांव अजरावर का निर्मल सिंह अपने प्रवासी नौकर के साथ खेत में ट्यूबवेल चलाने के लिए गया था। नौकर के परिवार बारे नहीं जानकारी ट्यूबवेल चलाते समय निर्मल सिंह करंट की चपेट में आ गया इस दौरान पास खड़ा उसका नौकर उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन उसे भी करंट लग गया। इसी दौरान आसपास के कुछ लोग वहां पर पहुंचे और दोनाें घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि किसान का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि उनका नौकर प्रवासी था और वह गूंगा व बहरा था। उसके नाम और परिवार के बारे किसी को कुछ पता नहीं है। जिसके चलते उसके शव को डेड हाऊस में रखवा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *