बहादुरगढ़ में होंडा शोरूम में लगी आग:बंद करके चले गए थे कर्मचारी, प्लास्टिक और रबर के सामान से फैली

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर के व्यस्त दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित श्री बालाजी होंडा शोरूम और सर्विस सेंटर में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शोरूम के अंदर बने सर्विस सेंटर से शुरू हुई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि होली के त्यौहार के चलते शाम करीब 4 बजे ही शोरूम बंद कर दिया गया था और सभी कर्मचारी घर जा चुके थे। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शोरूम के अंदर रखे प्लास्टिक और रबर के सामान में आग तेजी से फैल गई, जिससे आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया घटना के बाद शोरूम के बाहर जाम की स्थिति बन गई। यातायात प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर मौजूद रहे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शोरूम मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है। आग से हुए नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा सामने आना बाकी है। घटना को लेकर क्या बोले अधिकारी इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में आग सर्विस सेंटर से शुरू होने की बात सामने आई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *