अखिलेश यादव सैफई में खेलेंगे होली:चुनाव से पहले गरमाया राजनीतिक माहौल, प्रदेश भर से पहुंचे कार्यकर्ता

सपा प्रमुख अखिलेश यादव होली मनाने अपने पैतृक गांव सैफई (इटावा) पहुंच गए हैं। देर शाम अखिलेश ने स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। इस मौके पर राम गोपाल यादव भी मौजूद रहे। अखिलेश ने हजारों समर्थकों से मिलकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। वह अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ सैफई पहुंचे हैं। वे यहां दो दिनों तक रहेंगे और परिवार के साथ होली का त्योहार मनाएंगे।
मंगलवार को सैफई में समाजवादी पार्टी के कार्यालय में भारी भीड़ उमड़ी, जहां कार्यकर्ता दूर-दूर से पहुंचे। अखिलेश मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठ गए। उनसे बातचीत में कहा कि आप ही पार्टी की असली ताकत हैं। चंद्र ग्रहण के कारण होली का मुख्य उत्सव आज नहीं खेला गया। कल बुधवार को फूलों की होली का भव्य आयोजन होगा। सैफई में टेंट लगे हैं, मंच सजा है और गुझिया-समोसे जैसी मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। प्रदेश भर से सपा कार्यकर्ताओं के जुटने से यह आयोजन चुनावी माहौल जैसा लग रहा है, क्योंकि अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भी सैफई से तस्वीरें साझा कीं और लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वे इसे पीडीए होली मिलन के रूप में मना रहे हैं। यह परंपरा कई सालों से चली आ रही है, जहां सपा प्रमुख सैफई में कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *