चंडीगढ़ में हुड़दंग मचाया तो खैर नहीं:SSP कंवरदीप खुद रहेंगी फील्ड में, 1150 पुलिसकर्मी तैनात, अंदरूनी सड़कों पर नाके

चंडीगढ़ में होली पर अगर शरारती तत्वों ने हुड़दंग मचाया तो उनकी खैर नहीं है। शहर की एसएसपी कंवरदीप कौर खुद फील्ड में मौजूद रहेंगी। इसके अलावा सभी वरिष्ठ अधिकारी भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जो भी नियम तोड़ेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने साफ किया है कि अगर कोई हुड़दंगी पकड़ने के दौरान किसी से फोन पर सिफारिश करवाने की कोशिश करेगा, तो उसकी भी कोई सिफारिश नहीं सुनी जाएगी। नियमों के मुताबिक ही कार्रवाई की जाएगी। होली के दिन आने-जाने वालों पर अंडे फेंकने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी, क्योंकि ऐसी हरकतों से सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। इसके अलावा जो लड़कियों पर जबरन रंग लगाएगा या छेड़छाड़ करेगा, उसे भी किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सुबह 8 बजे से पुलिस नाके होली के त्योहार को देखते हुए चंडीगढ़ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर में कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक संभालने के लिए करीब 1150 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें 8 बड़े अधिकारी, 33 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, 14 पुलिस पोस्ट इंचार्ज और करीब 1100 अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मी 4 मार्च की सुबह 8 बजे से अपने-अपने इलाके में ड्यूटी पर तैनात हो जाएंगे, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से होली मना सकें। बाजारों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी शहर के सभी बाजारों, सेक्टरों, कॉलोनियों, गांवों, मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। खासतौर पर गर्ल्स हॉस्टल और पीजी के आसपास महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पुलिस की ओर से हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने और छेड़छाड़ की घटनाओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। शहर के अलग-अलग स्थानों पर आंतरिक नाके भी लगाए जाएंगे, ताकि शरारती तत्वों पर नियंत्रण रखा जा सके। बाजारों और कॉलोनियों में पुलिस गश्त होली के दौरान ट्रैफिक पुलिस और पीसीआर की अतिरिक्त टीमें सड़कों पर तैनात रहेंगी। बाजारों और कॉलोनियों में पुलिस लगातार गश्त करेगी। अगर कोई ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसका केवल चालान ही नहीं काटा जाएगा, बल्कि वाहन भी जब्त किया जा सकता है। प्रशासन ने साफ कहा है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ किसी भी तरह की बदसलूकी या अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली को शांति और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पूरी तैयारी की गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *