करनाल के गांव ब्राह्मण माजरा के पास खेतों में ट्यूबवेल के नजदीक खड़े युवक पर तेज धार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में युवक के सिर और कमर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे पहले निगदू अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर करनाल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता जोगिन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 मार्च की सुबह करीब 9 बजे वह अपने भाई रणजीत के साथ खेतों में चारा लेने गए थे। दोनों ट्यूबवेल के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान उनका बेटा साहिल गांव से खेतों की ओर आ रहा था। आरोप है कि उसी समय गांव की तरफ से आयुष आया और पीछे से साहिल पर चाकू से हमला कर दिया। आयुष ने साहिल के सिर में दो वार किए और एक वार कमर में किया। हमला होते ही साहिल जोर-जोर से चिल्लाने लगा। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया साहिल की आवाज सुनकर जोगिन्द्र और रणजीत मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से भाग निकला। परिजन तुरंत घायल साहिल को निगदू अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे करनाल के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुरानी रंजिश में किया गया हमला शिकायतकर्ता जोगिन्द्र ने बताया कि आयुष ने वर्ष 2023 में भी उन पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन उस समय दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। आरोप है कि उसी रंजिश के चलते अब आयुष ने उनके बेटे साहिल पर हमला किया है। उन्होंने बताया कि आयुष के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं और उन्हें डर है कि आरोपी दोबारा हमला कर सकता है। मुकदमा दर्ज, जांच जारी थाना निगदू में आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि तेज धार हथियार से हमला कर चोट पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।