‘लाठीचार्ज किया, SDM ने लड़कियों की कॉलर पकड़ी’:बेगूसराय में धरने पर बैठे होमगार्ड कैंडिडेट्स बोले- गंदी गालियां दीं; 15 से ज्यादा घायल

बेगूसराय में होली पर चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों ने पुलिस पर लाठीचार्ज के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हम लोग मंगलवार की रात धरना दे रहे थे। धरनास्थल पर पुलिस आई और हमें बस में बैठाकर शांत जगह ले गई। वहां हमारे साथ मारपीट गई। SDM अनिल कुमार सर ने लड़कियों की कॉलर पकड़ी। उनके साथ महिला पुलिस भी नहीं थी। लेडिज पुलिस को साइड कर वो खुद डंडे चलाने लगे। हमें गालियां दीं। लाठियों के साथ गोली भी चलाई गई है। हम अपने हक की आवाज उठा रहे थे, जिसपर हमें रोका गया। 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस लाठीचार्ज से इनकार कर रही है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… हम लोगों को नियुक्त पत्र दिया जाए अभ्यर्थी श्यामली सहित अन्य ने बताया कि हम लोग धरना स्थल पर बैठे हुए थे, वहां अधिकारी आए और सब को ले जा रहे थे। हम लोगों ने विरोध किया। फिर हम लोगों को भी बस में बैठाकर ले जाया गया। कई लड़कों का मोबाइल भी छीन लिया गया। हम अपने मांग पर अड़े हुए हैं। हम लोगों को नियुक्ति पत्र देकर ट्रेनिंग पर भेजा जाए। हमने कोई चोरी-डकैती नहीं की है जो पीछे हट जाएं। हाईकोर्ट तक जाएंगे और अपने अधिकार के लिए लड़कर हक लेंगे। हमलोग आदेश लेकर धरने पर बैठे थे हर्ल टाउनशिप ग्राउंड से जीरोमाइल तक देर रात तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। अभ्यर्थियों का कहना है कि हम लोग आदेश लेकर रविवार से भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे। महीनों पहले शारीरिक दक्षता, मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया गया। हम लोग नियुक्ति पत्र की मांग कर रहे थे। रात में अचानक हमलोगों को धरना स्थल से उठाकर बस में बैठा लिया गया। वहां से हर्ल खाद कारखाना टाउनशिप में लाकर पीटा गया। हमारे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हक मांगने पर ऐसा जुल्म किया गया है। 100 अभ्यर्थी धरनास्थल पर थे दरअसल, नियुक्ति पत्र देने की मांग को लेकर बेगूसराय कलेक्ट्रेट के पास भूख हड़ताल कर रहे चयनित 100 होमगार्ड अभ्यर्थियों को धरना स्थल से हटा दिया गया है। रात में डीएम और एसपी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी दो बस लेकर मौके पर पहुंचे और सभी को अनशन स्थल से उठाकर बस में बैठा लिया गया। होमगार्ड चयन प्रक्रिया के दौरान 419 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। अभ्यर्थियों का आरोप था कि हम लोगों का मेडिकल टेस्ट करवा लिया गया, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कर लिया गया‌, लेकिन आज तक नियुक्ति पत्र नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *