पाक बॉर्डर पर BSF ने शहीद परिवारों संग मनाई होली:जवानों और परिजनों ने देशभक्ति गीत गाए, भारत माता के जयकारे लगाए

पंजाब में पठानकोट के पास भारत-पाक सीमा पर स्थित बामियाल सेक्टर की पहाड़ीपुर पोस्ट पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने शहीद परिवारों के साथ होली का त्योहार मनाया। इस अवसर पर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के परिजन भी इंडो-पाक सीमा पर पहुंचे। होली के इस उत्सव पर जवानों और शहीद परिवारों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं। सभी ने देशभक्ति के गीतों पर नृत्य किया। ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। यह आयोजन अपने घरों से दूर सीमा पर तैनात जवानों के लिए विशेष रहा। देश के जवानों संग होली मनाना गर्व : विक्की शहीद परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव रविंदर विक्की ने इस दौरान कहा कि उन्हें गर्व है कि वे देश के जवानों के साथ होली मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां आकर शहीद परिवारों को ऐसा महसूस होता है, जैसे वे अपने बच्चों के साथ हैं। यह जवानों का मनोबल भी बढ़ाता है और उन्हें परिवार की कमी महसूस नहीं होती। विक्की ने कहा कि उन्होंने इस तरह की होली पहले कभी नहीं मनाई थी और उन्हें यहां आकर बहुत अच्छा लगा। BSF जवानों ने भी शहीद परिवारों की उपस्थिति पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों के साथ होली मनाना उनके लिए एक सुखद अनुभव है और इससे उन्हें अपने परिवार से दूर होने का एहसास नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *