बांका में सड़क हादसे में युवक की मौत:पत्नी को मायके से लाने के दौरान हुआ हादसा, पेड़ से टकराकर अनियंत्रित हुई बाइक

बांका में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गई, जब ससुराल जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बौसी थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी 22 वर्षीय मधुसूदन कुमार के रूप में हुई है। हादसा जिले के बौसी थाना क्षेत्र में हुआ। घटना के बाद परिवार और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार मधुसूदन कुमार की शादी बांका टाउन थाना क्षेत्र के हरिपुर निवासी रिंकू देवी से हुई थी। उनकी पत्नी रिंकू देवी होली मनाने के लिए पहले ही अपने मायके चली गई थीं। मधुसूदन कुमार भी होली मनाने ससुराल जाने के लिए बाइक से निकले थे। बताया जा रहा है कि ससुराल में पर्व मनाने के बाद वे पत्नी को साथ लेकर अपने घर लौटने वाले थे। इसी दौरान सिमरिया और खुशहालपुर मोड़ के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ससुराल में भी होली की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक आई इस दुखद घटना से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। मृतक के पिता ने बताया कि मधुसूदन होली खेलने के लिए अपने ससुराल जा रहा था। घर से कह कर गया था की होली खेलने के बाद पत्नी को साथ लेकर वह आएगा। लेकिन रास्ते में ही बेटे की मौत होने से होली की सारी खुशियां माता में बदल गई है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *