होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को भभुआ शहर में सुबह करीब 11:30 बजे, पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया गया। पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि होली के लिए शहर के चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न बटालियन के पुलिस बल को भी प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से सख्ती से निपटा जा सके। एसपी ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों से होकर गुजरा, जिससे आमजन में सुरक्षा का संदेश गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। इस दौरान एसडीपीओ मनोरंजन भारती, एसडीएम अमित कुमार, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।