झज्जर जिले के बरानी गांव चौक से बुधवार को 8 वर्षीय बालक हुनरजीत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात व्यक्ति उसे एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण बच्चे की तलाश में जुट गए हैं। चौक से अचानक गायब हुआ बालक मिली जानकारी के अनुसार, बरानी गांव निवासी अमरजीत फौगाट का बेटा हुनरजीत बुधवार दोपहर गांव चौक के पास मौजूद था। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार वहां आकर रुकी और बताया जा रहा है कि उसमें सवार अज्ञात व्यक्ति बच्चे को अपने साथ ले गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। परिवार में मचा हड़कंप, ग्रामीणों में चिंता घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। परिजन बच्चे की सुरक्षित वापसी के लिए गुहार लगा रहे हैं और आमजन से मदद की अपील की है। परिवार ने कहा है कि यदि किसी को भी सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी या बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या परिवार को सूचित करें। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्ध वाहन की पहचान के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस ने बताया कि आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने की बच्चे की सकुशल बरामदगी की मांग गांव और आसपास के क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चे को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है। पुलिस कर रही गाड़ी की तलाश छुछक्वास पुलिस चौकी इंचार्ज मंजीत ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बरानी गांव से एक बच्चा गायब हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वायरलेस के माध्यम से वीटी (वायरलेस ट्रांसमिशन) जारी कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है। संदिग्ध वाहन व्हाइट कलर की स्कार्पियो बताई जा रही है, जिसकी तलाश की जा रही है।